नवाबगंज। तहसील में मिट्टी के अवैध खनन को रोकने की मांग उठाई गई है। किसान यूनियन के जिलाध्यक्ष और ग्रामीण ने एसडीएम को सोमवार को शिकायती पत्र दिया है। आरोप है कि कई बार शिकायत करने पर भी संबंधित अधिकारियों ने प्रभावी कार्रवाई नहीं की है। उनकी सुनने वाला कोई नहीं है।
किसान यूनियन के जिलाध्यक्ष महेंद्र पाल गंगवार के साथ भदपुरा ब्लॉक के सुन्नौर गांव के भगवान दास ने एसडीएम को शिकायती पत्र देकर बताया कि तहसील क्षेत्र में रातभर मिट्टी का अवैध खनन किया जा रहा है। खनन करने वाले लोग रात में डंपर व ट्रैक्टर-ट्रॉली में अत्यधिक मिट्टी ढोते हैं। इससे सड़कें बदहाल हो चुकी हैं। उपजाऊ भूमि से गुजारने पर वह बेकार होती है। खनन माफियाओं ने उनके खेत के पास से मिट्टी खोदकर तालाब में तब्दील कर दिया है। अफसरों से कई बार शिकायत करने पर भी सुनवाई नहीं हुई है। इसको रोकने की मांग उठाई है।
इस बाबत एसडीएम उदित पंवार ने बताया कि शिकायत मिलने पर राजस्व टीम को भेजकर बिना अनुमति मिट्टी के खनन करने वालों पर कार्रवाई कराई जाती है। रविवार रात भी सूचना मिलने पर टीम को भेजा। वहां दो डंपर और एक जेसीबी को जब्त किया गया है। इस मामले में भी पुलिस को कार्रवाई का आदेश दिया है। संवाद
अवैध खनन में लगे दो डंपर और जेसीबी जब्त - हाफिजगंज। बरेली-पीलीभीत हाईवे पर गंगाशील महाविद्यालय के पास मिट्टी का अवैध खनन करने की सूचना पर एसडीएम उदित पंवार ने टीम के साथ छापा मारा। वहां से दो डंपर और जेसीबी जब्त की गई। तीनों वाहन पुलिस के हवाले कर दिए गए हैं। थाना प्रभारी संतोष कुमार ने बताया कि अवैध खनन की रिपोर्ट बनाकर उच्चाधिकारियों को भेजी जाएगी।
अवैध खनन में प्रयुक्त चार वाहन और पटा मशीन जब्तफरीदपुर। मेवा सरफापुर में मिट्टी के अवैध खनन की सूचना पर नायब तहसीलदार शुभम पांडे ने राजस्व व पुलिस की टीम के साथ छापा मारा। वहां अवैध खनन कर रहे रहपुरा गौस मोहम्मद की कई ट्रैक्टर-ट्रॉली थीं। चालक अपने-अपने वाहन छोड़कर भाग गए। टीम ने खनन में प्रयुक्त पटा मशीन व चार ट्रैक्टर-ट्रॉली जब्त की हैं। एसडीएम रामजनम यादव ने बताया कि अवैध खनन के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है। इसमें संलिप्त मोहम्मद गौस के वाहन सीज कराए गए हैं।
बिशारतगंज। प्रभारी निरीक्षक नरेश कुमार कश्यप ने बताया कि मालगांव के पास बिशारतगंज व भमोरा की सीमा पर अवैध रूप से खनन की सूचना मिली। वहां पहुंचकर खनन कर रहे लोगों से दस्तावेज मांगे, वे नहीं दिखा सके। इसके बाद खनन में प्रयुक्त जेसीबी जब्त कर ली गई है।