आंवला। गन्ने के जूस का ठेला लगाने वाले युवक को मोहल्ले में ही रहने वाली बीटेक छात्रा से एकतरफा प्यार हो गया। छात्रा ने शादी करने से इनकार किया तो युवक चाकू और जहर की शीशी लेकर मोबाइल टावर पर चढ़ गया। छात्रा से शादी कराने की जिद करने लगा। शादी न होने पर जान देने की धमकी देने लगा। मोहल्ले वालों ने उसे नीचे उतारने का प्रयास किया, लेकिन वह जिद पर अड़ा रहा। करीब दो घंटे बाद पुलिस ने जैसे-तैसे समझाकर नीचे उतारा। युवक को उसके पिता की तहरीर पर आंवला पुलिस ने हिरासत में ले लिया है।
आंवला के एक मोहल्ले में रहने वाला युवक मोहल्ले की ही बीटेक छात्रा से शादी करना चाहता है, लेकिन छात्रा उसे पसंद नहीं करती है। युवक का कहना है कि वह लड़की को तब से पसंद करता है, जब वह कक्षा पांच में पढ़ती थी। सोमवार सुबह करीब साढ़े दस बजे युवक जहर की शीशी और चाकू लेकर बीएसएनएल के टावर पर चढ़ गया और छात्रा से शादी कराने की बात कहकर जोर-जोर से चिल्लाने लगा। उसे टावर पर चढ़ा देख वहां भीड़ जमा हो गई। इंस्पेक्टर मनोज कुमार सिंह भी फोर्स के साथ पहुंच गए। लोग युवक को समझाकर नीचे आने की बात कह रह थे, लेकिन वह कभी जहर खाकर कूदने की धमकी देता तो कभी हाथ की नस काटने को कहता। इस पर पुलिस ने टेंट हाउस से तमाम गद्दे मंगाकर टावर के चारों ओर डलवा दिए। ऊपर जाल भी बांध दिया। इंस्पेक्टर ने काफी देर तक उसे समझाया तो करीब दो घंटे तक हंगामा करने के बाद युवक टावर से नीचे उतरा, इसके बाद पुलिस ने उसे हिरासत में ले लिया।
50 हजार की मांग कर आत्महत्या की देता है धमकी
युवक के पिता ने बताया कि वह घर में सभी को परेशान करता है। अनुचित मांगें भी करता है। काफी समय से 50 हजार रुपये देने का उन पर दबाव बना रहा है और आत्महत्या करने की धमकी देता रहता है। पड़ोसियों से भी अक्सर विवाद करता है। सोमवार को वह लोगों को परेशान करने के लिए चाकू और जहर की शीशी लेकर मोबाइल टावर पर चढ़ गया। उन्होंने उसके खिलाफ आंवला थाने में तहरीर देकर कार्रवाई करने की मांग की है।
रोहित को समझाकर करीब दो घंटे बाद नीचे उतार लिया गया। उससे पूछताछ की जा रही है। उसके पिता ने भी उसके खिलाफ तहरीर दी है। जांच के बाद कार्रवाई की जाएगी। - चमन सिंह चावड़ा, सीओ आंवला