बच्चों के साथ लोकतंत्र के पर्व में हुईं शामिल
कई महिला कार्मिक चुनाव ड्यूटी लेने के लिए बच्चों को साथ लेकर पहुंची थीं। आठ माह के बच्चे को साथ लेकर पहुंचीं ममता कश्यप ने बताया कि घर पर बच्चे की देखभाल करने वाला कोई नहीं है। उनके बच्चे को बुखार भी था। ड्यूटी कटवाने के लिए प्रार्थनापत्र दिया था पर सुनवाई नहीं हुई। इस वजह से बच्चे को साथ लेकर ड्यूटी पर आना पड़ा।
आपाधापी बढ़ी तो एडीएम प्रशासन ने संभाला मोर्चा
परसाखेड़ा स्थित गोदाम में बरेली-आंवला लोकसभा क्षेत्रों की आठ विधानसभाओं के लिए अलग-अलग हॉल बनाए गए थे। यहां से पोलिंग पार्टियों की रवानगी होनी थी। दोपहर एक बजे बरेली शहर और कैंट विधानसभा क्षेत्र की कुछ पोलिंग पार्टियां अलग-अलग हॉल में पहुंच गईं। आपाधापी बढ़ती देख एडीएम प्रशासन दिनेश ने मोर्चा संभाला और उन्हें सही रास्ता बताया।
जिला निर्वाचन अधिकारी रविंद्र कुमार ने बताया कि लोकसभा क्षेत्र बरेली और आंवला में चुनाव कराने के लिए 3,089 पोलिंग पार्टियों की रवानगी हुई। कहीं कोई दिक्कत नहीं हुई। न ही कोई शिकायत मिली। गर्मी से निजात के लिए पेयजल और शेड की भी व्यवस्था रही।