सात टीमों ने रेंज के नौ जिलों की रिपोर्ट एडीजी को सौंपी
विज्ञापन
सभी जिलों के कप्तानों को पत्र जारी कर रहे हैं एडीजी
बरेली। जोन के नौ जिलों में लॉकडाउन का हाल अच्छा नहीं है। किसी भी जिले में लॉकडाउन का पालन पूरी तरह नहीं हो रहा है। एडीजी ने अपनी टीमें भेजकर जो हाल मालूम कराया, उसके मुताबिक सभी जगह सख्ती की जरूरत है। अब एडीजी इस मामले में सभी पुलिस अधीक्षकों को पत्र जारी कर रहे हैं।
प्रदेश में लॉकडाउन का दूसरा चरण लागू है। नई व्यवस्था में खेती और कुछ उद्योगों को छूट दी गई है, पर सड़कों पर भीड़भाड़ बढ़ने न देने के लिए भी अधिकारी हर तरीका अपना रहे हैं। इस बीच एडीजी अविनाश चंद्र ने अपने स्टाफ की सात टीमें भेजकर बरेली व मुरादाबाद रेंज के नौ जिलों में लॉकडाउन की हकीकत पता कराई थी। तीन दिन तक टीमों ने जिलों का भ्रमण किया, जहां उन्हें स्थिति सही नहीं मिली। कहीं बैरियर व पिकेट पर तैनात किया गया पूरा स्टाफ उपस्थित नहीं था, तो कहीं स्टाफ के बैठने, जलपान व छाया की उचित व्यवस्था नहीं थी। इसके अलावा कहीं कहीं तो बिना चेकिंग किए ही लोगों वाहनों को जाने दिया जा रहा था। टीमों ने रिपोर्ट दी कि अधिकांश जगह सख्ती नहीं की जा रही है। सोमवार को अधिकांश टीमों की रिपोर्ट एडीजी कार्यालय में आ गई। इन रिपोर्ट को देखने के बाद एडीजी सभी जिलों के कप्तानों को व्यवस्था में सुधार के लिए पत्र लिखने की बात कह रहे हैं।
‘टीमों की चेकिंग में पता लगा है कि किसी भी जिले में लॉकडाउन का पालन पूरी तरह से नहीं हो रहा है। हर जगह कोई न कोई दिक्कत है। सभी पुलिस अधीक्षकों को इस संबंध में दिशानिर्देश जारी किए जा रहे हैं।’