नैनीताल मार्ग पर फैला अतिक्रमण।
- फोटो : अमर उजाला ब्यूरो, बरेली
बरेली। अतिक्रमण हटवाने के लिए अलग से बनी विंग के फेल होने के बाद यह जिम्मेदारी अब नगर निगम में स्वास्थ्य विभाग को दी गई है। आदेश होने के अगले ही दिन नगर स्वास्थ्य अधिकारी नेशनल हाईवे से इज्जतनगर स्टेशन के बीच बने मिनी बाईपास पर मंगलवार को पहुंचे और कब्जे हटाने की चेतावनी दी। पहले ही दिन 86 हजार रुपये वसूले गए। सभी को चेतावनी दे दी गई है कि कब्जे नहीं हटाए तो माल जब्त करके एफआईआर दर्ज कराई जाएगी।
मंगलवार को नगर स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. अशोक कुमार ने मिनी बाईपास पर कब्जेदारों के चालान काटे। उन्होंने बताया कि पहले दिन चालान की कार्रवाई कर सभी को चेता दिया गया है कि कब्जे खाली कर दें नहीं तो एफआईआर दर्ज करा दी जाएगी। कहा कि वह अतिक्रमण के खिलाफ रोजाना अभियान चलाएंगे। अब देखना यह है कि नगर निगम का स्वास्थ्य विभाग किस तरह इस काम को अंजाम देता है, वह भी अपने विभाग के मूल कार्यों को पूरा करते हुए। स्वास्थ्य विभाग का मुख्य कार्य शहर में सफाई व्यवस्था बनाए रखना है।