सरकारी स्कूल की पुरानी इमारत का लिंटर गिराते समय पूरा यह भर-भराकर गिर गया। मलबे में दबकर दो मजदूर गंभीर घायल हो गए। दोनों का जिले के एक निजी अस्पताल में उपचार चल रहा है। इस मामले में एसडीएम ने संज्ञान लिया है। जांच के लिए संबंधितों को आदेश दिए हैं।
बृहस्पतिवार दोपहर तीन बजे पालिका क्षेत्र के वार्ड संख्या-11 नगरिया सतन स्थित प्राथमिक विद्यालय में मुख्यमंत्री नगर सृजन योजना के तहत 20 लाख रुपये में स्कूल के जीर्णोद्धार का कार्य चल रहा था। 1988 में बनी स्कूल की पुरानी इमारत को मजदूर तोड़कर गिरा रहे थे। तभी समूचा लिंटर भरभरा कर गिर पड़ा और काम कर रहे मजदूर दब गए। ग्रामीणों ने मलबे में दबे मजदूरों को निकाला और इस्माइलपुर गांव निवासी घायलों मोरपाल व विकास को सरकारी एंबुलेंस से सीएचसी भेजा। वहां से दोनों घायलों को बरेली रेफर कर दिया गया। संवाद
ठेकेदार पर लापरवाही का आरोप
अचानक हुई इस घटना से ग्रामीणों में ठेकेदार के प्रति रोष है। उनका कहना है कि इस योजना का ठेका चेयरमैन के नजदीकी ठेकेदार के पास है। वे हादसे के समय मौके पर नहीं थे। अगर उनकी देखरेख में कार्य होता तो हादसा टल सकता था। गनीमत रही कि स्कूली बच्चों की छुट्टी हो चुकी थी। वरना हादसे के गंभीर परिणाम होते। वहीं, इस मामले में एसडीएम नहने राम ने घटना में जांच के आदेश दिए हैं।