बरेली। पावर कारपोरेशन ने कई अभियंता इधर-उधर कर दिए हैं। इसमें सबसे चर्चित तबादला आंवला खंड का है। यहां रामदास एक्सईएन बनाए गए हैं। विद्युत कार्य मंडल में अधीक्षण अभियंता पद पर संजय अग्रवाल तैनात किए गए हैं।
बीते वर्ष आंवला विद्युत वितरण खंड में लाखों रुपये की हेराफेरी बिलों में कई गई थी। इसमें सहायक अभियंता वीके राणा निलंबित हुए थे, जबकि जोनल चीफ इंजीनियर ने एक्सईएन अनिल कुमार मिश्रा को भी दोषी माना और मुख्यालय से कार्रवाई करने की संस्तुति कर दी। इसके बाद एक्सईएन मिश्रा भी हटा दिए गए। बिलों में हेराफेरी कर लाखों रुपये की क्षति विभाग को पहुुंचाने का खुलासा ‘अमर उजाला’ ने किया था। उनके स्थान पर बदायूं से रामदास तैनात किए गए हैं, वे बरेली में इससे पहले मीटर सेक्शन में रह चुके हैं।
कारपोरेशन ने विद्युत कार्य मंडल से स्थानांतरित राजेंद्र प्रसाद के पूर्वांचल में होने पर लखनऊ से संजय अग्रवाल तैनात किए हैं। बरेली जोन में संबद्ध एक्सईएन अब राधेश्याम पूरी तरह भंडार संभालेंगे। विभाग ने नए एई भी बरेली जोन में तैनात किए हैं। उन्हें चीफ इंजीनियर एसके सक्सेना ने रविंद्र कुमार आंवला-2, नाजिम- इज्जतनगर, उमेश यादव-स्टोर, राजेंद्र कुमार- बहेड़ी, अमित कटारिया, छैल बिहारी, अवनीत सिंह और नीरज गोवाड़ी को मीटर सेक्शन में तैनात किया है।