हाफिजगंज। गांव फैजुल्लापुर में शनिवार दिन में खेत में चहारदीवारी पर तेंदुआ देखा गया, जिसका ग्रामीणों ने वीडियो वायरल कर दिया है। इससे क्षेत्र में दहशत का माहौल है। आसपास गांव के लोग खेतों की तरफ जाने से कतराते रहे।
हाफिजगंज क्षेत्र के गांव फैजुल्लापुर में बंद पड़ी खेतान फैक्टरी में वन विभाग की टीम ने 30 जून को एक तेंदुआ को पकड़ लिया था। उसे नजीमाबाद क्षेत्र में छोड़ दिया गया था। उस दौरान ग्रामीणों ने वन विभाग से उसके अलावा एक अन्य तेंदुए के होने की भी जानकारी दी, लेकिन वन विभाग ने मानने से इन्कार कर दिया। अब शुक्रवार को गांव फैजुल्लापुर के कमल कुमार, दुर्वेश गंगवार, मुकेश कुमार खेतों की तरफ जा रहे थे, जिन्होंने खैतान फैक्टरी परिसर के चहारदीवारी पर तेंदुए को बैठे देखा, जिससे आसपास दहशत फैल गई। ग्रामीणों ने इसका वीडियो बनाकर वायरल कर दिया है।
कई तेंदुआ के होने का किया दावा
गांव के दुर्वेश गंगवार आदि ने बताया कि फैजुल्लापुर के फैक्टरी परिसर में कई तेंदुआ के होने का दावा किया है। ग्रामीणों ने वन विभाग को सूचना देकर जल्द तेंदुए को पकड़वाने की मांग की है। वन रेंजर केके मिश्रा ने बताया कि टीम बुलाकर दोबारा जांच करा रहे हैं।