10 दिन पहले पलिया से हटाए जाने के बाद सीओ ट्रैफिक बने राकेश नायक पर उनके ड्राइवर ने संजय श्रीवास्तव ने रिवॉल्वर तानने का आरोप लगाया है, जिसके बाद एसपी पूनम ने सीओ का रिवॉल्वर मालखाने में जमा करा दिया है। एसपी ने मामले की जांच एएसपी शैलेंद्र लाल को सौंपी है।
उधर, जिला अस्पताल में भर्ती सीओ ट्रैफिक राकेश नायक ने ड्राइवर के आरोपों को नकार दिया है और मामले की निष्पक्ष जांच कराए जाने की मांग की है। सीओ राकेश नायक पलिया में तैनाती के दौरान खनन माफिया के खिलाफ कार्रवाई को लेकर चर्चा में रहे, जिसके बाद उनपर एक बालू भरी ट्रैक्टर-ट्रॉली को छोड़ने का भी आरोप लगाया गया।
इससे 10 दिन पहले ही एसपी ने सीओ को पलिया से हटाकर सीओ ट्रैफिक बना दिया था। इसके बाद से सीओ की तबियत ऐसी बिगड़ी कि वह अभी जिला अस्पताल में भर्ती हैं। इसलिए उन्होंने अभी सीओ ट्रैफिक का कार्यभार ग्रहण नहीं किया है। तभी गुरुवार की रात को जिला अस्पताल में सीओ और ड्राइवर के बीच किसी बात को लेकर तनातनी हो गई, जिसमें आरोप है कि सीओ ने ड्राइवर पर सरकारी रिवॉल्वर तान दिया।
ड्राइवर ने मामले की शिकायत रात में ही एसपी से की, जिसके बाद एसपी ने सीओ का रिवॉल्वर मालखाने में जमा करा दिया है। शिकायत की जांच एएसपी शैलेंद्र लाल को सौंपी गई है। एसपी पूनम का कहना है कि कुछ दिनों से सीओ बीमार चल रहे हैं, जिससे उनकी मानसिक स्थिति ठीक नहीं है। ड्राइवर द्वारा सीओ पर लगाए गए आरोप की जांच एएसपी से कराई जा रही है। जल्द ही सच्चाई सामने आ जाएगी।