बरेली में नगर निकाय चुनाव के लिए प्रत्याशियों के खर्च की दरें तय हो चुकी हैं। चुनाव लड़ रहे नेताजी अब कार्यकर्ताओं को सात का समोसा और आठ रुपये की चाय पिलवा सकेंगे। दो बेड के एसी कमरे में आराम फरमाने के 2500 रुपये रोज देने होंगे। खाने की सामान्य थाली के लिए 50 तो स्पेशल थाली के लिए 300 रुपये देने होंगे।
एडीएम प्रशासन ऋतु पूनिया की की ओर से जारी सूची के मुताबिक ड्राइवर को 500 रुपये रोजाना वेतन देना होगा। बोलेरो और टाटा सूमो से चलने पर 1500 रुपये, इनोवा और स्कार्पियो से चलने पर 1800 रुपये रोजाना खर्च में जुड़ेगा। टेंपो के एक हजार और रिक्शा के सिर्फ 300 रुपये देने होंगे। मजदूर रखने पर उसे रोजाना 461 रुपये का भुगतान करना होगा।
नेताजी की माला का वजन के अनुसार भुगतान करना होगा। 160 रुपये प्रति किलो के हिसाब से प्रत्याशी के खर्च में जुड़ेगा, चाहे नेताजी खुद माला पहने या समर्थकों को पहनाएं। कार्यकर्ताओं को 40 रुपये की टोपी पहना सकेंगे। प्लास्टिक कुर्सी के रोजाना 10 रुपये तो सोफा का रोज 600 रुपये किराया देना होगा।
सैनिटाइजर, मास्क की दरें भी तय
मास्क तीन लेयर दो रुपये प्रति नग
सैनिटाइजर 100 एमएल - 18 रुपये प्रति नग
फेस शील्ड - 30 रुपये प्रति नग
पीपीई किट - 300 रुपये प्रति नग
टेबल - 30 रुपये प्रति नग
काफी मशीन - 600 रुपये प्रति नग
वीआईपी कुर्सी - 400 रुपये प्रति नग
(दरें प्रतिदिन के अनुसार)
लाउडस्पीकर के देने होंगे 600 रुपये रोज
4-5 व्यक्तियों का पांडाल - 3500
कपड़े का बैनर - 400
एक बेड का एसी कमरा - 800
दो बेड का एसी कमरा - 2500
कुल इतना खर्च कर सकेंगे
मेयर प्रत्याशी - 40 लाख
पार्षद प्रत्याशी - 3 लाख
नगर पालिका अध्यक्ष प्रत्याशी - 9 लाख
नगर पंचायत अध्यक्ष प्रत्याशी - 2.5 लाख
सभासद - 2 लाख