नवाबगंज। सरकारी भूमि से लाखों रुपये का अवैध खनन कराकर अपने खेत का पटान कराकर बची मिट्टी एक ईंट भट्ठा मालिक को बेचने के आरोपी प्रधान पति ने मामले की जांच कर उसके खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराने वाले सेवानिवृत्त लेखपाल को समझौता न करने पर बुरा अंजाम भुगतने की धमकी दी है। उसका कहना है कि वह एसडीएम और तहसीलदार का तबादला करा चुका है। पिछले महीने ही सेवानिवृत्त हुए लेखपाल को रिपोर्ट वापस न लेने पर पेंशन रुकवाने की धमकी दी है। लेखपाल ने मामले की तहरीर नवाबगंज थाने में दी है।
नगर के मोहल्ला प्रभात नगर निवासी गंगाराम 24 जुलाई 2019 को सेवानिवृत्त हुए हैं। लाईखेड़ा गांव के प्रधान पति पूरनलाल ने सरकारी भूमि से लाखों रुपये की मिट्टी का अवैध खनन करा दिया था। जांच के बाद एसडीएम और तहसीलदार के आदेश पर लेखपाल ने सात जुलाई को प्रधान पति पर नवाबगंज थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। चूंकि अब लेखपाल सेवानिवृत्त हो चुके हैं तो प्रधान पति आए दिन फोन पर उनसे गाली गलौज कर जान से मारने की धमकी देता है। आरोप है कि प्रधान पति रिपोर्ट वापस लेकर समझौता करने का दबाव बना रहा है। साथ ही झूठे मुकदमे में फंसाने की धमकी देता है। कहता है कि नेताओं से उसके अच्छे संबंध है। जिनकी बदौलत वह एसडीएम और तहसीलदार का नवाबगंज से तबादला करा चुका है। अगर उन्होंने उसकी बात मानकर रिपोर्ट वापस नहीं ली तो वह उनकी पेंशन रुकवा देगा। ब्यूरो