बरेली। इत्तेहादे मिल्लत कौंसिल के प्रमुख तौकीर रजा खां के घर चोरी किसी और ने नहीं बल्कि उनकी बेगम के मुंहबोले भाई ने ही की थी। किला के टूटा दरवाजा इलाके में रहने वाला राशिद हुसैन नाम का यह शख्स करीब 12 साल तक तौकीर रजा की गाड़ी का ड्राइवर रहा था। इस बीच परिवार में घुलमिल जाने की वजह से तौकीर रजा की बीवी उसे अपना भाई मानने लगी थीं, लेकिन पहले भी जेल जा चुका अपराधी प्रवृत्ति के राशिद को मौका मिला तो वह उन्हीं के घर में चोरी करने से नहीं चूका।
मौलाना तौकीर रजा तीस जून की शाम अपनी पत्नी के साथ दिल्ली रवाना हुए थे, उसी रात घर के मेनगेट का ताला खोलकर चोरी कर ली गई थी। सोमवार शाम चोरी का पता लगा तो तौकीर रजा के साले अतहर ने कोतवाली में एफआईआर दर्ज कराई थी। चोरों ने मेन गेट के ताले को चाबी से खोला था और चुनिंदा कमरों में ही चोरी की थी। कुछ दिनों पहले ही इस ताले की एक चाबी गुम हो गई थी, जिसके बाद दिल्ली जाते समय तौकीर रजा ने दूसरी चाबी से ताला लगाया था। चाबी इस्तेमाल होने की वजह से पुलिस को शुरू से करीबियों पर ही शक था। कई दिनों की छानबीन के बाद पुलिस ने किला के टूटा दरवाजा निवासी राशिद हुसैन गिरफ्तार कर लिया। रविवार को एसपी सिटी अभिनंदन सिंह ने अपने कार्यालय में आयोजित प्रेसवार्ता में राशिद को पेश किया। बताया गया कि राशिद से कुछ जेवर, एक लाख सात हजार रुपये और चोरी में इस्तेमाल स्कूटी बरामद की गई है। उसका साथी कानपुर का रजऊ फरार है।
राशिद ने बताया कि वह तौकीर रजा के घर उनके ड्राइवर के तौर पर रहा। परिवार के हर कमरे में आना-जाना था। भरोसे की वजह से तौकीर की पत्नी उसे भाई मानने लगी थीं। वह कुछ समय आर्थिक और मानसिक दिक्कत में था। चोरी के लिए पहले वह 28 जून को आया। तौकीर रजा ने उसे बताया कि वह तीस को परिवार के साथ दिल्ली जा रहे हैं तो उसने 30 को ही चोरी करने की योजना बना ली। पहले जेल में रहने के दौरान उसकी दोस्ती कानपुर के रजऊ से हो गई थी। 30 जून को वह और रजऊ स्कूटी से साढ़े 12 बजे चोरी के लिए पहुंचे तो गली में लोग खड़े थे। वे उन्हें देखकर लौट गए और डेढ़ बजे दोबारा आकर चोरी की।
बड़े घराने से ताल्लुक है राशिद का
पुलिस के मुताबिक राशिद के पिता मक्कू मियां शहर के नामी शख्स थे। वे एक प्रतिष्ठित इंटर कॉलेज की कमेटी के बरसों सचिव रहे। अब राशिद के भाई कॉलेज की संपत्ति और दुकानों की देखरेख करने वाली कमेटी के सचिव हैं। परिवार की कुतुबखाने पर कई दुकानें और काफी संपत्ति है पर मक्कू मियां की दो पत्नियों की संतानों में संपत्ति को लेकर विवाद है। संगत बिगड़ने से राशिद के खर्चे बढ़ गए थे। वह दूसरे धर्म की एक महिला के साथ रह रहा है। करीब 23 लाख का कर्ज हो गया तो परिवार ने भी किनारा कर लिया। पहले उसने प्रेमनगर में अपने साढ़ू के घर चोरी की थी। उस मामले में जेल में बंद रहा। अब उसने तौकीर रजा के घर को निशाना बना लिया।