बरेली-कासगंज ब्रॉडगेज लाइन पर गुरुवार रात करीब एक बजे उझानी-बदायूं के बीच पटरी चटक गई। करीब तीन सेंटीमीटर गैप हो जाने के बाद ट्रैक मैन की नजर पड़ी तो उसने स्टेशन मास्टर के जरिए पहले कंट्रोलर और फिर अफसरों को अवगत कराया। इससे करीब दो घंटा पहले इसी क्षतिग्रस्त ट्रैक पर होकर कासगंज-बरेली फास्ट पैंसेंजर भी गुजर गई। हादसे की आशंका के मद्देनजर कासगंज की ओर से बरेली को जाने वाली मालगाड़ी को स्टेशन पर ही रोक लिया गया। देर रात ही इंजीनियरों के साथ मौके पर पहुंचे पीडब्ल्यूआई ने मरम्मत का काम शुरू करा दिया जो शुक्रवार दोपहर तक चला।
किलोमीटर संख्या- 372/ सात-आठ पर गांव गठौना के नजदीक ब्रॉडगेज रेलवे लाइन पर फ्रेक्चर रात में करीब एक बजे उस समय पकड़ में आया जब स्टेशन की ओर से ट्रैक मैन फखरे आलम नियमित चेकिंग पर निकला। उसने लाइन को टूटा देख गठौना गेट पर पहुंचकर स्टेशन मास्टर शशांक मिश्रा को अवगत कराया। शशांक ने पहले कंट्रोलर फिर पीडब्ल्यूआई इंदल कुमार मल्ल को इसकी जानकारी दी। कंट्रोलर ने देर रात ही कासगंज की ओर से बरेली को निकली मालगाड़ी के लिए उझानी स्टेशन पर रोक दिया। पीडब्लयूआई मल्ल ने इंजीनियरों की टीम के साथ रात में ही ट्रैक की वैकल्पिक मरम्मत कर दी।
वैकल्पिक मरम्मत के बाद 10 घंटा प्रति किलोमीटर की रफ्तार का कॉशन देकर मालगाड़ी को पास कराया गया। लाइन में फ्रैक्चर किस समय हुआ, यह तो ट्रैक मैन फखरे को भी नहीं पता लेकिन रेलवे कर्मियों की मानें तो जरूर एक-दो घंटा पहले फ्रैक्चर हुआ होगा। अगर ऐसा रहा तो इससे पहले बरेली-कासगंज फास्ट पैसेंजर ट्रेन भी क्षतिग्रस्त ट्रैक पर होकर ही गुजर गई थी। शुक्रवार दोपहर में मरम्मत करते मिले मेठ नरेश पाल ने बताया कि पटरी की हालत से साफ है कि लाइन ठंड की वजह से चटक गई। लाइन को कोई काटता तो उसके निशान अलग नजर आते।