बरेली के ज्वाला देवी सिद्धपीठ संकटमोचन हनुमान मंदिर के महंत रोहितानंद महाराज पर कुछ लोगों ने हमला कर दिया। उनकी कार के शीशे लाठियों से तोड़ दिए। कार में मौजूद महंत व उनके सहयोगियों ने किसी तरह खुद को बचाया। उनकी तहरीर पर अज्ञात आरोपियों के खिलाफ बिथरी चैनपुर थाना पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।
बिथरी चैनपुर थाना क्षेत्र के गांव भगवतीपुर में ज्वाला देवी सिद्धपीठ संकटमोचन हनुमान मंदिर व आश्रम है। महंत रोहितानंद महाराज ने पुलिस को बताया कि उनके आश्रम पर रामचरित मानस का पाठ चल रहा है, जो एक जनवरी से एक फरवरी तक जारी रहेगा। उन्होंने बताया कि रविवार रात करीब साढ़े दस बजे वह पड़ोस के गांव में दूध लेने गए थे।
लौटते समय परिचित भी साथ थे। रास्ते में चार आरोपियों ने उनकी कार को घेर लिया। लाठी-डंडों से कार के शीशे चकनाचूर कर दिए। अंदर बैठे लोगों ने शोर मचाया तो हमलावर भाग गए। महंत ने पुलिस को तहरीर देकर रिपोर्ट दर्ज कराने के साथ ही सुरक्षा दिलाने की मांग की।
थाना प्रभारी अभिषेक सिंह ने बताया कि आश्रम की जमीन को लेकर मुकदमा चल रहा है। यह घटना उससे जुड़ी है या कोई और मामला है, इसकी जांच कराई जाएगी।