बरेली। महाकुंभ के मद्देनजर अप-डाउन 14 विशेष ट्रेनें और बरेली होते हुए प्रयागराज जाने-आने वाली ट्रेनों में लगाए गए अतिरिक्त कोच नाकाफी साबित हो रहे हैं। इसके बावजूद संगम में डुबकी लगाने के इच्छुक लोगों को कन्फर्म टिकट नहीं मिल रहे। टिकट कन्फर्म कराने के लिए जनप्रतिनिधियों से सिफारिश कराई जा रही है। कुछ लोग कोटा लगवाकर टिकट कन्फर्म कराने में कामयाब भी हो रहे हैं। अन्य लोगों को मायूसी मिल रही है।
महाकुंभ का समापन 26 फरवरी को होगा। इस दौरान चार अमृत स्नान पर्व हैं। महाकुंभ के मद्देनजर प्रयागराज जाने वाली ट्रेनों के साथ ही अयोध्या और वाराणसी जाने वाली ज्यादातर ट्रेनों में भी दो महीने पहले ही सीटें फुल हो चुकी हैं। 14241-42 नौचंदी एक्सप्रेस में नो रूम होने के कारण एक महीने तक टिकट बुकिंग बंद है। इस ट्रेन में अब वेटिंग टिकट भी नहीं मिल रहे। सप्ताह में अप-डाउन तीन-दिन दिन चलने वाली योग नगरी ऋषिकेश-प्रयागराज एक्सप्रेस में भी नो रूम है। 31 जनवरी, तीन और सात फरवरी को चलने वाली 15074-73 त्रिवेणी एक्सप्रेस में भी वेटिंग है। 14308-07 बरेली-प्रयागराज एक्सप्रेस भी पैक है। इस ट्रेन में वेटिंग 150 के पार होने के बाद भी यात्री टिकट ले रहे हैं।
04316 देहरादून-फाफामऊ, 04066 दिल्ली-फाफामऊ, 04528 अंब अंडौरा-फाफामऊ और 05314 कासगंज-झूंसी महाकुंभ विशेष ट्रेनों में भी प्रमुख स्नान तिथियों पर कन्फर्म टिकट नहीं मिल रहे। सामान्य दिनों में भी प्रयागराज की ट्रेनों में कन्फर्म टिकट नहीं मिल रहे हैं।
रोडवेज बसों पर बढ़ा दबाव
प्रयागराज, अयोध्या और वाराणसी की ट्रेनों में कन्फर्म टिकट न मिलने के कारण अब प्रयागराज जाने वाले श्रद्धालु रोडवेज बसों का रुख करने लगे हैं। बरेली और रुहेलखंड डिपो की 10-10 बसें रोजाना प्रयागराज जा और आ रही हैं। महाकुंभ के मद्देनजर सामान्य बसों में भी रोडवेज ने ऑनलाइन बुकिंग की सुविधा शुरू की है। यात्री ऑनलाइन बुकिंग भी कराने लगे हैं।
निजी ट्रैवेल एजेंटों ने भी निकाले यात्रा पैकेज
निजी ट्रैवेल एजेंटों ने भी प्रयागराज, अयोध्या और वाराणसी के लिए यात्रा पैकेज निकाले हैं। जिले में 110 निजी ट्रैवेल एजेंसियां हैं। ज्यादातर एजेंसियों की छोटी और लग्जरी बसें प्रयागराज के लिए ही बुक हैं।
संवाद