Just changed the timing of the school cold
- फोटो : बरेली, अमर उजाला
शीतलहर और गलन के चलते दिन का अधिकतम तापमान एकदम से सात डिग्री लुढ़क गया है। एक दिन पहले यह 22 डिग्री पर था, मंगलवार को 14 पर आ गया। इतनी भीषण ठंड ने स्कूल की टाइमिंग बदली गई है। जिलाधिकारी ने निर्देश दिए हैं कि कक्षा एक से 8 तक के बच्चों का स्कूल अब सुबह 10 से अपराह्न तीन बजे तक लगेगा। कक्षा नौ से इंटर तक के बच्चों के स्कूल पहले से तय समय के अनुसार खुलेंगे।
मंगलवार को ठंड ने सबको अंदर तक कंपा दिया। हांड़ कंपाने वाली ठंड की वजह से सुबह से शाम तक लोग अलाव का उपयोग और चाय का सेवन करते मिले। दिन भर धूप नहीं निकली, शीतलहर भी चलती रही। शाम होते- होते ठंड और बढ़ गई। मौसम विभाग की भविष्यवाणी के अनुसार 15 और 16 को बारिश होने की संभावना था, लेकिन नहीं हुई। हालांकि मौसम में तब्दीली जरूर आई। मंगलवार को स्कूलाें की छुट्टी कराने के लिए बेसिक शिक्षा विभाग के शिक्षक बीएसए दफ्तर पहुंच गए, उन्होंने गरीब बच्चों की परवाह करते हुए छुट्टी करने की मांग की। देर शाम डीएम के निर्देश पर प्रभारी बीएसए नरेंद्र सिंह पवार ने आदेश जारी किया है, जिसमें कहा गया है कि सीबीएसई, आईसीएसई और परिषद से मान्यता प्राप्त सभी हिंदी और अंग्रेजी माध्यम के स्कूल अगले आदेशाें तक सुबह 10 से 3 बजे तक खोले जाएंगे। आंचलिक मौसम विज्ञान केंद्र लखनऊ के अनुसार मंगलवार को दिन का अधिकतम तापमान 14.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया है। यह सामान्य से 7 डिग्री कम है। न्यूनतम तापमान 7.7 डिग्री सेल्सियस है।