बरेली। मंडल स्तरीय बालक फुटबॉल प्रतियोगिता का खिताब झुमका सिटी एफसी ने रोमांचक मुकाबले में जीत लिया। बरेली जिला फुटबॉल संघ की ओर से स्पोर्ट्स स्टेडियम में शुक्रवार को हुए खिताबी मुकाबले में स्पोर्ट्स हॉस्टल की टीम को 3-0 से करारी शिकस्त मिली। पुरस्कार वितरण समारोह के साथ आयोजन का समापन हुआ।
खिताबी भिड़ंत रोमांचक रही। पहले हाफ तक दोनों टीमों के खिलाड़ी गोल दागने में नाकाम रहे। दूसरे हाफ के 12वें मिनट पर झुमका सिटी एफसी के हर्ष ने शानदार मूव से गोल दागकर टीम को बढ़त दिलाई। 16वें मिनट में अनूप ने सटीक शॉट से स्कोर 2-0 पर पहुंचा दिया। छात्रावास की टीम दबाव में नजर आई।
इसके बाद 21वें मिनट पर वंश थापा ने तीसरा और विजयी गोल लगाकर जीत सुनिश्चित कर दी। छात्रावास की टीम कई बार आक्रामक दिखी, लेकिन विपक्षी की गोलकीपिंग और मजबूत रक्षापंक्ति ने हर प्रयास विफल कर दिया।
विजेता और उपविजेता टीमों को ट्रॉफी, मेडल और प्रमाणपत्र देकर सम्मानित किया गया। निर्णायक की भूमिका मो. यासीन और आशु भारती ने निभाई। समापन समारोह में बरेली जिला फुटबॉल संघ के अध्यक्ष अमरजीत सिंह बतौर मुख्य अतिथि और मुश्ताक अली, नसीम अख्तर, मनोज शर्मा व देवेंद्र तिवारी बतौर विशिष्ट अतिथि मौजूद रहे। एसोसिएशन के सचिव मून रॉबिंसन, गोपाल आदि भी उपस्थित रहे। संवाद