बरेली। शहर में नगर निगम, जल निगम और सेतु निगम बेलगाम होकर काम कर रहे हैं। रविवार शाम नगर निगम के ठेकेदार की जेसीबी ने पुराना शहर में अंडरग्राउंड केबिल काट दी जिससे तमाम मोहल्लों में ब्लैक आउट हो गया। इस मामले में बिजली विभाग ने पुलिस में तहरीर दी है।
रविवार शाम करीब छह बजे अचानक रोहली टोला फीडर पर ट्रिपिंग हुई और आसपास के तमाम इलाकों में बिजली गुल हो गई। जेई पवन चंद्रा ने चेकिंग कराई तो पता चला कि कांकरटोला में सड़क और नाला बनाने के लिए खुदाई करने वाले जेसीबी चालक की लापरवाही से अंडरग्राउंड बिजली केबिल क्षतिग्रस्त हो गई है। इससे डाकखाने वाली गली, चमगादड़ बाग, चक, नवाब कोठी, गांधी मूर्ति, कांकरटोला, खैराती बाग आदि इलाकों में लगे दर्जन भर ट्रांसफार्मर ठप होने से ब्लैकआउट हो गया। मौके पर पहुंचे स्टाफ ने देखा कि केबिल कटने से सप्लाई मुश्किल है तो वैकल्पिक लाइन से सप्लाई शुरू की गई, जिससे आधी रात बाद बिजली मिल पाई। इस दौरान लोग पेयजल समस्या से भी जूझते रहे। तमाम लोगों के इन्वर्टर ठप हो गए। उधर, कोहाड़ापीर में ट्रांसफार्मर के तार जलने से कई इलाकों में बिजली गुल हो गई। रविवार शाम करीब छह बजे से गुल हुई बिजली देर रात तक सामान्य नहीं हो सकी। साथ ही चाहबाई, गुद्दड़बाग, कोहाड़ापीर और आसपास के इलाकों में भी दिन भर ट्रिपिंग होती रही।