बरेली। सर्दियों की छुट्टियों में सैर-सपाटे की योजना बना रहे लोगों को ट्रेनों में कन्फर्म टिकट नहीं मिल पा रहा। जम्मू-कश्मीर की वादियों की सैर और माता वैष्णो देवी के दर्शन की योजना बनाने वाले लोग परेशान हैं। बरेली होते हुए जम्मू जाने वाली ज्यादातर ट्रेनों में 20 जनवरी तक नो रूम की स्थिति है। कुछ ट्रेनों की स्लीपर और एसी श्रेणी में वेटिंग 100-150 तक पहुंच गई है।
13151 जम्मूतवी एक्सप्रेस में सात जनवरी तक नो रूम है। इसके बाद की तारीखों में वेटिंग 150 के पार पहुंच रही है। 15653 अमरनाथ एक्सप्रेस, 22317 हमसफर एक्सप्रेस, 15651 लोहित एक्सप्रेस, 12355 अर्चना एक्सप्रेस, 15655 कामाख्या एक्सप्रेस में भी कन्फर्म टिकट नहीं मिल रहे। किसी भी श्रेणी में वेटिंग 100 से कम नहीं है। इसके बाद लोग इस उम्मीद में वेटिंग टिकट ले रहे हैं कि शायद वह कन्फर्म हो जाए।
देहरादून जाने वाली 15005 राप्ती-गंगा एक्सप्रेस, 13009 दून एक्सप्रेस, 15119 वाराणसी-देहरादून एक्सप्रेस में भी 20 जनवरी तक कन्फर्म टिकट नहीं मिल रहे हैं। वंदे भारत एक्सप्रेस में कुछ तारीखों में कन्फर्म टिकट हैं, लेकिन दिसंबर के अंतिम और जनवरी के पहले सप्ताह यह ट्रेन अभी से फुल हो गई है।
बरेली से अयोध्या, मथुरा और आगरा जाने वाली ट्रेनों में भी यही स्थिति है। आगरा व मथुरा होते हुए सप्ताह में एक दिन चलने वाली 22200 सुशासन एक्सप्रेस, सप्ताह में तीन दिन चलने वाली 15056 रामनगर-आगरा फोर्ट एक्सप्रेस में भी सर्दियों की छुट्टियों के दौरान कन्फर्म टिकट नहीं मिल रहे। यही स्थिति अयोध्या जाने वाली 13010 योग नगरी ऋषिकेश-अयोध्या एक्सप्रेस, 13308 गंगा-सतलुज एक्सप्रेस, 15934 अमृतसर-न्यू तिनसुकिया एक्सप्रेस, 14650 सरयू-यमुना एक्सप्रेस, 13152 कोलकाता एक्सप्रेस की भी है। इन ट्रेनों में भी वेटिंग लिस्ट तेजी से बढ़ रही है।
मुंबई की ट्रेनों में भी जनवरी मध्य तक कन्फर्म टिकट नहीं
बरेली होते हुए महाराष्ट्र के अलग-अलग स्टेशनों के लिए तीन ट्रेनें हैं। अप-डाउन सप्ताह में एक-एक दिन चलने वाली 14314/14313 लोकमान्य तिलक एक्सप्रेस बरेली से आगरा, मुरैना, ग्वालियर, झांसी, भोपाल, नासिक, थाणे होते हुए लोकमान्य तिलक टर्मिनल तक जाती है। 22976/22975 रामनगर-बांद्रा टर्मिनल एक्सप्रेस मथुरा, कोटा, रतलाम, सूरत, वापी होते हुए मुंबई के बांद्रा के बीच चलती है। वहीं 09075/09076 मुंबई सेंट्रल-काठगोदाम सुपरफास्ट का संचालन बरेली, मथुरा, भरतपुर, कोटा, सूरत होते हुए मुंबई सेंट्रल तक किया जाता है। दिसंबर से लेकर जनवरी मध्य तक इन ट्रेनों में कन्फर्म टिकट नहीं मिल रहे। संवाद