बरेली। गोवर्धन पूजा पर शनिवार को जिले भर की गोशालाओं में गो पूजन हुआ। क्यारा ब्लॉक के अहियापुर वृहद गो संरक्षण केंद्र में पूजन करने पहुंचे जिलाधिकारी को सियार के घुसने की शिकायत मिली। उन्होंने कंटीले तारों की बाड़ लगाने के निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने गायों को गुड़, पूड़ी, सेब, केला खिलाया। गोवंशों का स्वास्थ्य परीक्षण कराने के लिए कहा। जिले की सभी गोशालाओं में सफाई व्यवस्था, हरा चारा, भूसा, पशु आहार, स्वच्छ पेयजल, छांव सहित सभी मूलभूत व्यवस्थाएं कराने के निर्देश दिए।
गोशाला के चार शेड में 315 गोवंश संरक्षित हैं। मनरेगा से परिसर में एक और शेड निर्माण, सोलर लाइट लगाने, चारागाह की 14 बीघा भूमि पर नेपियर घास, चारा उगाने, छोटे गोवंश को अलग रखने, चकमार्गों को सुदृढ़ करने के निर्देश दिए। यहां पीडी डीआरडीए, उपजिलाधिकारी सदर, पशु चिकित्सा अधिकारी समेत अन्य अधिकारी मौजूद रहे। अमर उजाला ब्यूरो