लखनऊ दिल्ली हाइवे पर कई वाहन खराब होने की वजह से लगा पूरे दिन जाम।
- फोटो : BAREILLY
फतेहगंज पूर्वी। लखनऊ हाईवे पर सोमवार रात हुलासनगरा क्रासिंग के दोनों ओर कई वाहन खराब होने की वजह से मंगलवार सुबह से लेकर शाम तक जाम लगा रहा। फतेहगंज पूर्वी से मीरानपुर कटरा तक नौ किलोमीटर तक वाहनों की रफ्तार थमी रही। पुलिस ने कसरक और जैतीपुर लिंक मार्ग से वाहनों को डायवर्ट किया, तब जाकर हालात कुछ सुधरे मगर फिर भी देर रात तक हाईवे पर वाहन रेंग-रेंगकर चले।
रामपुर से शीरा भरकर जा रहे एक ट्रक सोमवार सुबह खराब होने की वजह से बहगुल पुल से पहले खड़ा हो गया। इससे जाम लगना शुरू हो गया। इसी बीच मीरानपुर कटरा की तरफ बरेली की ओर आ रहा एक और ट्रक हाईवे पर खराब हो गया। इसके बाद समस्या गहरा गई। मीरानपुर कटरा की तरफ पांच किलोमीटर और फतेहगंज पूर्वी की ओर रम्पुरा तक चार किलोमीटर वाहनों की कतारें लग गईं। जाम में बच्चों को लेकर जा रही स्कूल बसें भी फंसी रहीं। सुबह के समय क्रॉसिंग पर पुलिस के न होने की वजह से हालात और खराब हो गए। जाम भीषण होने के बाद मीरानपुर कटरा पुलिस और फतेहगंज पूर्वी पुलिस हरकत में आई। छोटे वाहनों को लिंक रोड कसरक और जैतीपुर की तरफ से निकलवाया, फिर भी शाम तक वाहन हाईवे पर रेंगते रहे।