बरेली। भारतीय पशु चिकित्सा अनुसंधान संस्थान इज्जतनगर इंग्लैंड की कंपनी ब्रुक हाॅस्पिटल फाॅर एनिमल्स की भारतीय इकाई ब्रुक इंडिया के साथ जल्द करार करेगा। इससे पशु कल्याण के लिए तकनीकी ज्ञान, प्रशिक्षण, अनुसंधान संबंधी जानकारियां साझा की जा सकेंगी।
बृहस्पतिवार को संस्थान में ब्रुक इंडिया के प्रतिनिधियों के साथ हुई बैठक में कंपनी के साथ अनुबंध करने पर सहमति बनी। ब्रुक इंडिया के मुख्य कार्यकारी अधिकारी ब्रिगेडियर जेएस धर्माधीरन ने बताया कि घोड़ों, गधों और खच्चरों के कल्याण, पशुपालकों की आजीविका में सुधार के लिए ब्रुक इंडिया कार्य करती है। उन्होंने आपसी सहयोग से पशु चिकित्सा, शिक्षा, अभ्यास को आगे बढ़ाने पर सहमति जताई। विद्यार्थियों को शैक्षिक भ्रमण कराने की बात भी कही।
संस्थान निदेशक डाॅ. त्रिवेणी दत्त ने कहा कि आर्थिक रूप से कमजोर पशुपालकों की सहायता के लिए ब्रुक इंडिया के साथ जल्द करार किया जाएगा। पशु कल्याण के लिए जागरूकता शिविर आयोजित करने, उत्तर प्रदेश के पशु चिकित्सकों को प्रशिक्षण देने के साथ उत्तराखंड में पशु स्वास्थ्य शिविर लगाने में ब्रुक सहयोग करेगा। अश्वों में नालबंध प्रशिक्षण कराने पर भी सहमति बनी।
विद्यार्थियों के कौशल विकास पर रहेगा जोर
डॉ. दत्त के मुताबिक बीवीएससी के विद्यार्थियों के कौशल विकास की दिशा में कार्य होगा। इस दौरान संयुक्त निदेशक शोध डाॅ. एसके सिंह, संयुक्त निदेशक शैक्षणिक डाॅ. एसके मेंदीरत्ता, संयुक्त निदेशक प्रसार शिक्षा डाॅ. रूपसी तिवारी, मुक्तेश्वर परिसर के संयुक्त निदेशक डॉ. यशपाल मालिक समेत अन्य विभागों के प्रभारी मौजूद रहे। अमर उजाला ब्यूरो