गुलड़िया (बरेली)। गनेशपुर निवासी सत्यपाल और उनकी पत्नी भूरी देवी ने सिरौली पुलिस पर 70 हजार रुपये की वसूली का आरोप लगाया है। एसएसपी के आदेश पर जांच अधिकारी सीओ मीरगंज अजय कुमार व एसपी दक्षिणी अंशिका वर्मा ने मौके पर जाकर बयान दर्ज किए। पीड़ित दंपती ने शुक्रवार को कैबिनेट मंत्री धर्मपाल सिंह को बताया था कि सिरौली थाना पुलिस ने सत्यपाल को हरियाणा पुलिस द्वारा मादक पदार्थ तस्करी में वांछित बताकर पकड़ा था। पुलिस पहले उन्हें बड़गांव चौकी ले गई। इसके बाद थाने में कई घंटे तक हिरासत में रखा गया।
दंपती का आरोप है कि आधी रात को 70 हजार रुपये लेकर उन्हें छोड़ा गया। परिवार के मुताबिक, मंत्री ने एसएसपी अनुराग आर्य को इस बारे में बताया तो उन्होंने जांच बैठा दी। सीओ व एसपी दक्षिणी पहले सिरौली थाने और फिर बड़ा गांव चौकी पहुंचे।
वहां घटनाक्रम से जुड़े लोगों को बुलाकर उनसे बात की। क्षेत्राधिकारी ने उनके बयान दर्ज किए। कई अन्य लोगों को भी बयान दर्ज कराने के लिए बुलाया गया। पीड़ित पक्ष से फोन कॉल पर बात हुई। उनको रविवार को बुलाया गया है।