मौलाना ने रात में जारी किया था वीडियो
बवाल के बाद मौलाना तौकीर रजा खां ने शुक्रवार रात 10:20 बजे वीडियो जारी कर कहा है कि अतीक और अशरफ की तरह मुझे गोली मार दो, मोहम्मद के नाम पर मरना कबूल है। उन्होंने कहा कि वह अब तक नजरबंद हैं। उन्होंने मुसलमानों को मुबारकबाद पेश करते हुए घटना को साजिश करार दिया। मौलाना ने कहा कि मैं आशिकाने रसूल को मुबारकबाद पेश करता हूं। ऐसे खतरनाक समय में इश्क-ए रसूल के नाम पर आप लोग आए। हमने अमन का रास्ता इख्तियार किया था। मोहम्मद साहब के नाम को जो बार-बार अपमानित किया जा रहा है, उसके लिए सख्त कानून बनाया जाए।
'यह मामला जितना दबाया जाएगा, उतना ही उभरेगा'
मौलाना ने कहा कि "मैं वहां जाता, नमाज पढ़ता और ज्ञापन देकर लोगों को घर भेज देता, पर हमेशा की तरह मुझे हाउस अरेस्ट कर लिया"। उनके पीछे झूठे लेटरपैड पर उनके नाम से बयान जारी कर लोगों को गुमराह करने की कोशिश की गई। प्रशासन मुसलमानों को रसूल का नाम लेने की इजाजत नहीं दे रहा है। यह मामला जितना दबाया जाएगा, उतना ही उभरेगा।
ये था मामला
आई लव मोहम्मद के समर्थन में मौलाना तौकीर रजा खां के बुलावे पर शुक्रवार को शहर में भीड़ जुटी थी। मौलाना के नदारद रहने पर भीड़ अराजक हो गई। बवालियों ने खलील स्कूल तिराहे के पास दुकानों व वाहनों में जमकर तोड़फोड़ की। नावल्टी चौराहा पर पुलिस टीम पर पथराव और श्यामगंज में फायरिंग की। करीब तीन घंटे तक शहर में बवाल हुआ। भीड़ को खदेड़ने के लिए पुलिस ने आंसू गैस के गोले दागे, लाठीचार्ज भी किया। शाम पांच बजे हालात काबू में आ गए।
यह भी पढ़ें- बरेली में बवाल: नमाज खामोशी से हो गई तो किसके इशारे पर हुई हिंसा... मास्टरमाइंड कौन? पथराव-लाठीचार्ज की कहानी
आप नेता ने भाजपा सरकार पर लगाए आरोप
बरेली में हुए बवाल के बाद सियासत भी शुरू हो गई है। आम आदमी पार्टी के नेता संजय सिंह ने भाजपा सरकार पर साजिश करने का आरोप लगाया है। उन्होंने एक्स पर पोस्ट कर लिखा है कि उत्तर प्रदेश में BJP की सरकार ने गहरी साजिश के तहत धर्म के नाम पर माहौल बिगाड़ने का काम किया जिसमें उनका साथ बौद्धिक आतंकवादी दे रहे हैं।