बरेली। जिला अस्पताल की लैब से जारी प्लेटलेट्स काउंट की रिपोर्ट में गड़बड़ियों के मामले सामने आने पर सीएमएस ने जांच शुरू करा दी है। निजी लैब की तुलना में जिला अस्पताल की लैब से जारी रिपोर्ट में 50 फीसदी तक ज्यादा प्लेटलेट क ाउंट कम होने के मामले सामने आए थे। सीएमएस ने दोनों रिपोर्ट तलब की है।
जिला अस्पताल के डेंगू वार्ड में भर्ती मरीजों ने जिला अस्पताल की लैब रिपोर्ट पर सवाल उठाए थे। बताया गया था कि जिला अस्पताल से मिली प्लेटलेट काउंट की रिपोर्ट और निजी लैब में हुई जांच की रिपोर्ट में करीब 50 हजार प्लेटलेट काउंट का अंतर आया है। अमर उजाला में खबर प्रकाशित होने के बाद जिला अस्पताल के सीएमएस ने इसका संज्ञान लेकर लैब इंचार्ज को रिपोर्ट के सत्यापन के निर्देश दिए हैं।
उन्होंने मरीजों के असमंजस को दूर करने के साथ मशीन की गुणवत्ता की जांच करने को कहा। आशंका जताई जा रही है कि और मरीजों की जांच रिपोर्ट में भी गड़बड़ी हो सकती है। लिहाजा जिला अस्पताल की लैब की रिपोर्ट कितनी सटीक है, इसका पता लगाने के लिए सैंपल को माइक्रोस्कोपिक जांच करने को भी कहा है।