बरेली। आठ मार्च को आयोजित होने वाली राष्ट्रीय लोक अदालत के संबंध में बृहस्पतिवार को जिला जज सुधीर कुमार ने वादों के निस्तारण के संबंध में अधिकारियों को दिशा निर्देश दिए। जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के सचिव अजय कुमार शाही ने बैंक के अधिकारियों को अधिक से अधिक वादों के निस्तारण करने के लिए कहा।
अपर जनपद न्यायाधीश अजय कुमार शाही ने बताया कि सभी बैंकों से आए अधिकारियों से लोक अदालत में लगाए वादों की जानकारी एकत्र की गई है। चिह्नित किए गए वादों में ज्यादा से ज्यादा नोटिस प्रेषित किए जाने के लिए निर्देश जारी किए गए हैं। राष्ट्रीय लोक अदालत से पूर्व तीन दिवसीय विशेष लोक अदालत का आयोजन किया जा रहा है, जिसमें लघु आपराधिक वादों के निस्तारण पर जोर दिया जा रहा है।
उन्होंने आम लोगों से भी अपील की कि तीन दिवसीय विशेष लोक अदालत और राष्ट्रीय लोक अदालत में अधिक से अधिक संख्या में उपस्थित होकर अपने वादों का सफल निस्तारण कराएं। इस दौरान लीड बैंक मैनेजर वीके अरोड़ा, मदन लाल, कुलदीप सिंह, अरुण कुमार सिंह, अनुज कुमार आदि मौजूद रहे। संवाद