सांसद के बीडीए वीसी से बात की तो लौटी टीम
कैंट में एक और तस्कर के घर बीडीए ने चस्पा किया नोटिस
बरेली। नकटिया में स्मैक तस्कर इस्लाम की मार्केट और घर ध्वस्त करने के बाद बीडीए ने कैंट में एक अन्य स्मैक तस्कर का घर चिह्नित किया है। जल्दी ही इस पर बुलडोजर चलाया जाएगा मगर इसके धोखे में सोमवार को बीडीए की टीम बिथरी चैनपुर के धारूपुर ठाकुरान के पूर्व प्रधान अशफाक का घर गिराने पहुंच गई। सांसद धर्मेंद्र कश्यप ने वीसी बीडीए जोगिंदर सिंह से बात करके पूरी जानकारी दी तो टीम लौट गई।
स्मैक तस्करों के भवन चिह्नित कर बीडीए उनके नक्शा और प्रशासन उनकी संपत्ति की वैधता जांचने में लगा है। इसी कड़ी में बीडीए नन्हे लंगड़ा, इस्लाम और रेहाना समेत कई स्मैक तस्करों के भवनों की जांच कर उन पर बुलडोजर चला चुका है। पिछले दिनों कैंट के नकटिया में इस्लाम की मार्केट और मकान पर भी बुलडोजर चलाया गया था। अब बीडीए ने कैंट क्षेत्र में ही अशफाक नाम के एक अन्य स्मैक तस्कर का निर्माण चिह्नित कर उसे नोटिस जारी किया है। जल्दी ही उसे ध्वस्त करने की कार्रवाई की जानी है। मगर इस तस्कर के भ्रम में बीडीए ने बिथरी के गांव धारूपुर ठाकुरान के पूर्व प्रधान अशफाक के घर भी नोटिस चस्पा कर दिया। इससे वहां खलबली मच गई और सोमवार को बीडीए की टीम फोर्स लेकर उसे ध्वस्त करने भी पहुंच गई। प्रधान ने इसकी जानकारी आंवला सांसद धर्मेेंद्र कश्यप को दी तो उन्होंने वीसी बीडीए को फोन करके सच्चाई से अवगत कराया और फिर टीम कार्रवाई किए बिना लौट गई।