हवालात में डालकर की पिटाई, महिला ने मुख्यमंत्री पोर्टल और डीआईजी से की शिकायत
बरेली। हाफिजगंज थाना क्षेत्र में रहने वाली एक विधवा ने दो दरोगाओं पर बेहद गंभीर आरोप लगाते हुए मुख्यमंत्री पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराई है। उसने डीआईजी से भी मामले की शिकायत की है। महिला का आरोप है कि उसने पड़ोसी से रास्ते को लेकर हुए विवाद की शिकायत थाने में की तो दो दरोगा उसके घर पहुंचे। उन्होंने मदद करने की एवज में उसे अपने कमरे पर बुलाया। महिला ने इंकार किया तो पुलिस उसके नाबालिग बेटे को उठाकर ले गई और हवालात में डालकर उसे थर्ड डिग्री दी।
थाना हाफिजगंज निवासी महिला ने शिकायत में कहा है कि उसका अपने पड़ोसी से रास्ते को लेकर विवाद चल रहा है। उसने थाने में सूचना दी थी। इसे पुलिस ने नजरअंदाज कर दिया। बाद में दूसरे हल्के के दो दरोगा उसके घर पहुंचे। महिला का आरोप है कि दोनों दरोगा ने उससे कहा कि तुम हमारी शरण में आ जाओ, तुम्हारी पूरी मदद करेंगे। महिला ने कहा कि उसके हल्के में दूसरे दरोगा हैं तो तुम कैसे मदद करोगे। आरोप है कि इस पर दोनों ने कहा कि तुम्हें कमरे पर आना होगा वहीं समझा देंगे। महिला के मुताबिक उसने मना कर दिया तो दोनों दरोगा उसके घर में घुस आए और अश्लील हरकतें करने लगे। विरोध किया तो उसके 17 साल के बेटे को पकड़कर ले गए और थाने में उसकी जमकर पिटाई की। महिला ने कहा कि उसने पैर पकड़े और मिन्नतें मांगी पर दरोगा टस से मस न हुए। विधवा ने अपने परिवार को जानमाल का खतरा बताते हुए दोनों दरोगाओ पर कार्रवाई की मांग की है। उसका कहना है कि दरोगाओं के खिलाफ कार्रवाई नहीं हुई तो वह गांव से पलायन कर देगी और भूख हड़ताल करेगी