बरेली जंक्शन के प्लेटफॉर्म नंबर दो पर गुरुवार शाम करीब साढ़े सात बजे राजकीय पक्षी सारस घायल अवस्था में मिला। जीआरपी ने इस बारे में वन विभाग को को सूचना दी। वन विभाग की टीम ने मौके पर पहुंच कर घायल सारस को कब्जे में ले लिया। उसे लेकर आईवीआरआई पहुंची। वहां घायल सारस का उपचार चल रहा है।
विज्ञापन
जानकारी के मुताबिक सारस पक्षी उड़ते हुए किसी तरह ट्रेन की चपेट में आ गया। उसका पंख कट गया, जिससे वह प्लेटफॉर्म नंबर दो गिर गया। यात्रियों ने इसकी सूचना जीआरपी को दी। इस बीच घायल सारस को देखने के लिए यात्रियों की भीड़ जुट गई। सूचना मिलने के बाद वन विभाग की टीम मौके पर पहुंच गई।
इंस्पेक्टर जीआरपी अजीत प्रताप सिंह ने बताया कि घायल सारस को देर रात वन विभाग की टीम के साथ इलाज के लिए भारतीय पशुचिकित्सा अनुसंधान संस्थान (आईवीआरआई) भेज दिया गया है। बताया जा रहा है कि सारस ट्रेन की चपेट में आने से घायल हुआ है। आईवीआरआई में उसका उपचार चल रहा है।