बरेली। स्वतंत्रता दिवस के कार्यक्रम में शामिल होने केशव कृपा भवन जा रहे आरएसएस के विस्तारक हरिओम और अंशु श्यामगंज पुल पर चीनी मांझे की चपेट में आकर घायल हो गए। दोनों को निजी अस्पताल में भर्ती करके इलाज किया जा रहा है। बताया जाता है कि दोनों ने हेलमेट नहीं लगाया था और स्कूटी अंशु चला रहा था।
डेलापीर के रहने वाले अंशु और सीबीगंज निवासी हरिओम आरएसएस के विस्तारक हैं। हरिओम एलएलबी की पढ़ाई करते हैं और अंशु बीए द्वितीय वर्ष के छात्र हैं। रविवार सुबह साढ़े आठ बजे दोनों वीर सावरकरनगर छात्रावास पर हुए कार्यक्रम के बाद स्कूटी से केशव कृपा भवन पर आयोजित कार्यक्रम में शामिल होने जा रहे थे। जैसे ही वे लोग पुल पर पहुंचे, अचानक मांझा उनकी गर्दन में फंस गया और दोनों गंभीर रूप से जख्मी हो गए।
अंशु के भाई ऋृषि कुमार ने बताया कि मांझे से जख्मी होने के बाद दोनों किसी तरह गांधी उद्यान के पास स्थित निजी अस्पताल पहुंचे। अस्पताल वालों ने ही उन्हें जानकारी दी। मांझे की चपेट में आकर हरिओम की गर्दन के साथ ही साथ उनकी ठोड़ी, गाल और आंख के पास भी जख्म हो गए। इस वजह से वह बोलने में भी असमर्थ हैं। अंशु का गला गंभीर रूप से जख्मी हुआ है। हालांकि अब दोनों की स्थिति में सुधार है।
पहले भी हुए हादसे
अप्रैल 2021: हार्टमन पुल पर मांझा की चपेट में आकर मुरावपुरा निवासी महेश मौर्य की गर्दन कटी।
जून 2021: स्कूटी से जा रहे आजमनगर निवासी मो. शाहबाज कोहाड़ापीर चौकी के पास जख्मी हुए।
मई 2021: प्रेमनगर निवासी मनीष आईवीआरआई ओवरब्रिज से गुजरते समय मांझे की चपेट में आकर जख्मी हो गए।
मार्च 2020: सौ फुटा रोड निवासी प्रापर्टी डीलर सौरभ मेहरा घर से कुछ दूरी पर मांझा की चपेट में आकर घायल हुए।