बरेली। जल्द ही रुहेलखंड विश्वविद्यालय की सभी सूचनाएं रेडियो चैनल पर मिलने की उम्मीद है। विवि में कम्युनिटी रेडियो सेंटर बनाने की तैयारियां तेज हो गई हैं। इसके लाइसेंस के लिए दिवाली के बाद आवेदन किया जाएगा।
विवि की वर्ष 2002 में स्थापित मीडिया प्रयोगशाला को भी नए सिरे से विकसित किया जाएगा। इसमें ही एक कम्युनिटी रेडियो सेंटर स्थापित होगा। इसके लिए विवि परिसर में एक टावर लगाया जाएगा।
मीडिया प्रभारी प्रो. अमित सिंह ने बताया कि कम्युनिटी रेडियो सेंटर संचालित करने से पहले लाइसेंस प्राप्त करना अनिवार्य है। इसके लिए तैयारियां लगभग पूरी हैं। दीपावली की छुट्टियों के बाद ही केंद्रीय सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय से टावर लगाने के लिए आवेदन किया जाएगा। इससे विवि का अपना रेडियो चैनल शुरू हो सकेगा। इसपर पॉडकास्ट भी होंगे।
एमजेएमसी और बीजेएमसी की तैयारी -
विवि में पत्रकारिता विभाग का पुनर्गठन किया जा रहा है। इसके तहत अगले सत्र से बैचलर इन जर्नलिज्म एंड मास कम्युनिकेशन (बीजेएमसी) और मास्टर इन जर्नलिज्म एंड मास कम्युनिकेशन (एमजेएमसी) पाठ्यक्रम शुरू होंगे। इसके लिए विद्या परिषद और कार्य परिषद से मंजूरी मिल चुकी है।
डिप्लोमा में विद्यार्थी घटे, इस वर्ष पाठ्यक्रम नहीं चला -
कई साल से पत्रकारिता एवं जनसंचार विभाग में स्नातकोत्तर डिप्लोमा पाठ्यक्रम में विद्यार्थियों की संख्या में लगातार घट रही है। कोरोना महामारी के बाद से और गिरावट हुई। पिछले तीन साल से 10 से कम विद्यार्थियों ने प्रवेश लिया। पिछले साल छह विद्यार्थियों ने दाखिला लिया। इस साल एक विद्यार्थी ने प्रवेश के लिए आवेदन किया, उसको लौटाना पड़ा। इस कारण पाठ्यक्रम संचालित नहीं हो सका। विद्यार्थियों के मुताबिक, विवि में फीस बरेली कॉलेज की तुलना में अधिक होना भी गिरावट का कारण है।