मीरगंज/दुनका। क्रिप्टो करेंसी में निवेश कर सात प्रतिशत मासिक मुनाफे का झांसा देकर 40 लाख रुपये की ठगी की गई। आरोप है कि क्रिप्टो कंपनी के संचालक रकम हड़पने के बाद कामकाज बंद कर भाग गए। शिकायत मिलने पर शाही थाना पुलिस ने शुक्रवार को रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू की है।
शाही क्षेत्र के गांव कुंवरपुर निवासी अमान रजा ने पुलिस को बताया कि चंडीगढ़ के जीरकपुर स्थित बोटाल्फा क्रॉस मार्केट माइन क्रिप्टो कंपनी के प्रबंधक लवेश चौधरी से उनका परिचय था।
आरोप है कि लवेश ने अपने परिचित मोहम्मद राजा और रितेश कुमार के साथ मिलकर उन्हें कंपनी में निवेश करने के लिए प्रेरित किया। भरोसा दिलाया कि निवेश की गई धनराशि पर सात प्रतिशत मासिक मुनाफा मिलेगा और निवेश सुरक्षित रहेगा।
इस पर उन्होंने 25 जून 2023 को कंपनी के खाते में 10 हजार रुपये ऑनलाइन जमा किए। अपने परिचितों से भी निवेश कराया। कुल 40 लाख रुपये कंपनी में लगाए गए। कुछ समय बाद कंपनी ने भुगतान बंद कर दिया। संपर्क करने पर आरोपियों ने टालमटोल की। बाद में पता चला कि वे लोग कंपनी कार्यालय बंद कर भाग गए। रकम वापस मांगने पर आरोपियों ने धमकी भी दी।
सीओ मीरगंज अजय कुमार ने बताया कि शिकायत के आधार पर हुए कोर्ट के आदेश पर रिपोर्ट दर्ज कर मामले में जांच की जा रही है। आरोपियों की भूमिका और निवेश की गई धनराशि के संबंध में साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं। साक्ष्यों के आधार पर कार्रवाई की जाएगी। संवाद