बरेली में रोटरी भवन के सामने सड़क पर पड़ी दरार।
- फोटो : अमर उजाला ब्यूरो, बरेली
जल निगम ने सीवर लाइन बिछाने को कालीबाड़ी से चौपुला तक खोेद दी सड़क
बरेली। अयूब खां चौराहे से चौपुला के बीच सीवर लाइन डालने के लिए मनमानी खुदाई से दूसरी तरफ की सड़क धंस गई है। डिवाइडर भी उखड़ गया है। रोटरी भवन के सामने तो सड़क में काफी लंबी दरार आ गई है। इससे पहले हनुमान मंदिर के पास और एलन क्लब के सामने सड़क में दरार आ चुकी है।
ट्रंक सीवर लाइन डालने के लिए जल निगम श्यामगंज से कालीबाड़ी होते हुए चौपुला तक सड़क पर खुदाई करा रहा है। फिलहाल यह काम चौपुला से अयूब खां चौराहे के बीच चल रहा है। यहां जल निगम ने इस कदर लापरवाही से खुदाई की है कि सोमवार को रोटरी भवन के सामने दूसरी तरफ की सड़क धंसनी शुरू हो गई। सड़क पर काफी लंबी दरार पड़ने के साथ ही डिवाइडर भी उखड़ गया है। इसके बावजूद ट्रैफिक बंद नहीं कराया गया है। इससे हादसे का खतरा बना हुआ है। उधर, कालीबाड़ी में अंधाधुंध खुदाई से पाइप लाइनें क्षतिग्रस्त हो जानेे से पेयजल संकट पैदा हो गया है। कई मकानों में भी दरारें आ गई हैं। जल निगम के एक्सईएन संजय कुमार का कहना है कि उन्हें रोटरी भवन के सामने सड़क धंसने की जानकारी नहीं है। वह इसे दिखवाएंगे।