फरीदपुर। नेशनल हाईवे पर फरीदपुर के जेड़ गांव के पास स्थित स्वरूप एग्रो इंडस्ट्रीज पर आयकर विभाग की टीम ने छापा मारा। इसकी सूचना पर उद्यमियों में हलचल मची रही। फोन घनघनाते रहे, पर आयकर के अफसरों ने जांच से जुड़ी जानकारी साझा नहीं की।
जानकारी के मुताबिक बृहस्पतिवार सुबह लखनऊ से कई वाहनों से आयकर की टीम फ्लोर मिल पर पहुंची। सभी कर्मचारियों के मोबाइल फोन स्विच ऑफ करवाकर जमा करा लिए। इसके बाद कारोबार से संबंधित दस्तावेजों की छानबीन शुरू की। इस दौरान परिसर में आवागमन बंद कर दिया गया। शाम तक जांच का सिलसिला जारी रहा। जैसे ही सूचना क्षेत्र के अन्य उद्यमियों को मिली, चर्चाएं शुरू हो गईं। बताते हैं कि जानकारी होने पर फरीदपुर औद्योगिक क्षेत्र की कई फैक्टरियों के मालिकों ने काम बंद कराकर मजदूरों को घर भेज दिया।
स्वरूप एग्रो इंडस्ट्रीज समेत संबंधित फैक्टरी मालिक के आवास पर भी टीम जांच के लिए पहुंची। जांच में अब तक क्या मिला? इसकी जानकारी आयकर टीम ने अभी तक साझा नहीं की। एक वरिष्ठ अधिकारी ने आयकर मुख्यालय से जांच के बाद जानकारी दिए जाने की बात कही है। संवाद