शाही। ससुराल में हुई युवक की मौत के मामले में पिता ने ससुर सहित चार लोगों के खिलाफ हत्या करने का आरोप लगाते हुए पुलिस को शिकायती पत्र दिया है। पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
थाना भमोरा क्षेत्र के गांव तखतपुर निवासी सुरेंद्र पुत्र प्रेमपाल का शव मंगलवार दोपहर खेत में पेड़ से लटका मिला था। वह एक दिन पहले सोमवार को ससुराल पहुंचा था। उसके पहुंचने के करीब एक घंटे पहले ही उसकी पत्नी पिंकी को तहेरा साला सुरेंद्र पुत्र महेंद्र पाल बुलाकर गांव कुलछा की गोंटिया ले आया था। बुधवार को प्रेमपाल ने पुलिस को दिए गए शिकायती पत्र में कहा है कि 22 वर्षीय पुत्र सुरेंद्र और उसकी पत्नी पिंकी को कुलछा गोटिया के रहने वाला तहेरा साला सुरेंद्र बुलाकर ले आया था। ससुराल में पुत्र के ससुर शेर बहादुर, उनके भाई केदार, बृजलाल व तहेरे साले सुरेंद्र ने मारपीट की थी। कुछ समय बाद दामाद विजय को फोन करके बताया कि सुरेंद्र को यहां से ले जाओ, वरना इसको जान से मार देंगे। इसके बाद पुत्र के शव लटके होने की जानकारी मिली। पुलिस ने चारों आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मामला पंजीकृत किया है। संवाद