समाचार वितरक संघ ने प्रभा पैलेस में 13वें स्थापना दिवस पर किया कार्यक्रम
वितरक ओमप्रकाश और राजेंद्र को लकी ड्रॉ में मिली साइकिल
बरेली। समाचार पत्र वितरक संघ की ओर से बृहस्पतिवार को प्रभा पैलेस गेस्ट हाउस में 13वें स्थापना दिवस पर कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में लकी ड्रॉ के माध्यम से राजेंद्रनगर सेंटर के वितरक ओमप्रकाश और शाहदाना के वितरक राजेंद्र को साइकिल दी गई। इसके साथ ही अन्य वितरकों को भी लकी ड्रॉ के तहत पुरस्कार दिए गए। इस मौके पर वितरकों ने कहा कि वे चाहे जो मौसम हो वक्त पर लोगों के घर अखबार पहुंचाते हैं, लेकिन उन्हें आज भी सरकार की ओर से सुविधाएं और सहूलियतें नहीं मिल रही हैं।
कार्यक्रम के प्रारंभ में मुख्य अतिथि आंवला के सांसद धर्मेंद्र कश्यप, कार्यक्रम अध्यक्ष शहर विधायक डॉ. अरुण कुमार, विशिष्ट अतिथि सिटी मजिस्ट्रेट राजीव पांडेय, पूर्व उपसभापति अतुल कपूर, समाज सेवी सुरेंद्र मिश्र का वितरक संघ के अध्यक्ष विमल पांडेय ने मालाएं पहनाकर और बुके देकर स्वागत किया। इस दौरान अध्यक्ष विमल पांडेय समेत अन्य पदाधिकारियों ने 12 सूत्री ज्ञापन जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों को सौंपा। ज्ञापन में कहा गया है कि समाचार पत्र वितरक पूरी लगन के साथ हर मौसम में घर-घर अखबार पहुंचाने का काम करते हैं, लेकिन आजादी के 75 वर्ष बीतने के बाद भी उन्हें सरकार की ओर से किसी तरह की सहूलियत और सुविधा मुहैया नहीं कराई जा रही है। उन्हें भी सरकार की योजनाआें का लाभ मिलना चाहिए।
समाचार पत्र वितरकों का कहना था कि श्रम विभाग की ओर से जो योजनाएं चलाई जा रही हैं, उनका लाभ भी उन्हें मिलना चाहिए। कार्यक्रम के दौरान श्रम विभाग की ओर से ऑल इंडिया न्यूजपेपर डिस्ट्रीब्यूटर एसोसिएशन के राष्ट्रीय अध्यक्ष बब्बर सिंह चौहान और राष्ट्रीय मीडिया प्रभारी मुनीष अहमद को स्मृति चिह्न देकर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम का संचालन संघ के संरक्षक अजय राज शर्मा ने किया। संरक्षक ने बताया कि लकी ड्रॉ के माध्यम से मोनू, संजू, हरिमोहन चावला, राजू वर्मा, तजेंद्र सिंह सोढ़ी, राजकुमार तिवारी, उमेश शर्मा, राहुल पटवा आदि वितरकों को पुरस्कार मिले।
ई-श्रम साइट पर कराया पंजीकरण
श्रम विभाग की ओर से वितरकों के लिए ई-श्रम साइट पर पंजीकरण की सुविधा प्रदान की गई। इस दौरान श्रम प्रवर्तन अधिकारी बी. राम सरोज ने बताया कि शासन की ओर से अधिक से अधिक संख्या में वितरकों को योजनाओं का लाभ मिले, इसके लिए शिविर लगाकर कार्ड बनाए गए हैं। इस दौरान 100 से अधिक वितरकों के ई-श्रम कार्ड बनाए गए।
वितरकों की बात
कोविड के दौरान संघ का कार्यक्रम नहीं पाया। इस बार कार्यक्रम बहुत अच्छा रहा है। लकी ड्रॉ के माध्यम से वितरकों को पुरस्कृत किया गया। योजनाआें का लाभ भी हमें मिला। - जितेंद्र सक्सेना, कुतुबखाना
ई-श्रम साइट पर पंजीकरण कराया गया है। अब भविष्य में हमें श्रम विभाग की ओर से आने वाली योजनाओं का लाभ भी मिल सकेगा। यह संघ की ओर से अच्छा कदम हम सभी के लिए रहा। - संदीप, शाहदाना
इस बार कार्यक्रम में लकी ड्रॉ के माध्यम से साइकिल देने की पहल बहुत अच्छी की गई है। संघ के पदाधिकारियों ने कहा भी है कि इस बार दो साइकिल दी गईं हैं, आगे और भी वितरकों को साइकिलें मिलेंगी। - धर्मेंद्र कुमार, साहूकारा
ई-श्रम के माध्यम से सौ से अधिक वितरकों का पंजीकरण हो गया है। पहले भी वितरकों के पंजीकरण हो चुके हैं। इस बार लकी ड्रॉ के माध्यम से पुरस्कृत करने का काम भी बहुत अच्छा हुआ। - राजीव कुमार शुक्ला, नावल्टी