बरेली। ईरान तनाव के चलते वहां से मेवों की आवक ठप हो गई है। इस वजह से स्थानीय बाजार में इनकी कीमतें बढ़ गई हैं। महंगाई के कारण लोग कम मात्रा में खरीदारी कर रहे हैं, जबकि रमजान में मेवों की काफी मांग रहती है।
ईरान से पिस्ता, खजूर, छुआरा, मुनक्का, बादाम आदि की आवक होती है। इस दिनों यह आवक थम सी गई है। इस कारण बाजार में इनकी कमी हो गई है और कीमतें आसमान छू रही हैं। कुतुबखाना के थोक कारोबारी शिवम आनंद ने बताया कि इन दिनों बाजार में पहले का बचा स्टॉक ही मौजूद है। कुछ लोगों ने काफी पहले ही बुकिंग कर दी थी। ऐसे में उनका भी माल आ गया है। फिलहाल नई खरीद बंद हो चुकी है। पहले ईरान और इस्राइल के बीच तनाव और अब अमेरिका की एंट्री ने मेवा बाजार को और भी प्रभावित किया है।
उन्होंने बताया कि रमजान में खजूर और छुआरों की ही बिक्री ज्यादा रहती है। फिर होली और ईद भी आने वाली है। इन अवसरों पर भी मेवों की भारी खपत रहती है। आने वाला दिनों में बाजार कैसा रहेगा? इसे लेकर व्यापारी भी फिक्रमंद हैं।