विसरा सुरक्षित, परिवार ने कार्रवाई से किया इन्कार
इफको आंवला। इफको के एक युवा कर्मचारी की सोमवार रात संदिग्ध अवस्था में मौत हो गई। फैक्टरी प्रबंधन की सूचना पर आए परिजनों ने भमोरा थाना पुलिस से कार्रवाई न करने का अनुरोध किया। हालांकि, एहतियात के तौर पर पोस्टमाॅर्टम कराया गया। जहर से मौत होने की आशंका में विसरा सुरक्षित किया गया है।
प्रेमनगर थाना क्षेत्र के भूड़ा पटे की बजरिया निवासी 26 वर्षीय आशुतोष वर्मा इफकाे संयंत्र के अमोनिया प्लांट में ऑपरेटर के पद पर कार्यरत थे। वह अविवाहित थे। टाउनशिप निवासियों के अनुसार, इन दिनों वह रात की शिफ्ट में ड्यूटी कर रहे थे। सोमवार शाम जब वह डयूटी पर नहीं पहुंचे तो सहकर्मियों ने मोबाइल फोन पर संपर्क किया गया। कोई जवाब नहीं मिलने पर जब सहकर्मी टाउनशिप स्थित आशुतोष के आवास पर पहुंचे तो दरवाजा अंदर से बंद था। दरवाजे को तोड़कर कर्मी अंदर घुसे तो आशुतोष अचेत पड़े थे। उनको इफको टाउनशिप स्थित अस्पताल पहुंचाया गया। वहां से गंभीर हालत में बरेली के निजी अस्पताल में लाकर भर्ती कराया गया। वहां उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई।
भमोरा थाना प्रभारी सनी चौधरी ने बताया कि परिजनों ने न तो कोई वजह बताई, न ही तहरीर दी। पोस्टमाॅर्टम रिपोर्ट से मौत की वजह स्पष्ट नहीं होने पर विसरा सुरक्षित किया गया है। इफको के जनसंपर्क अधिकारी विनीत शुक्ला ने बताया कि फैक्टरी प्रबंधन की संवेदनाएं मृतक के परिवार के साथ हैं। परिजनों की हरसंभव मदद की जाएगी। पुलिस मौत की वजह की जांच कर रही है। संवाद