कैंट के स्कूल का मामला, छात्र बोला- एक शिक्षक ने गला भी दबाया
मौके पर पहुंची पुलिस, मगर किसी ने नहीं दी तहरीर, मामला रफादफा
बरेली। कैंट क्षेत्र के चनेहटी के स्कूल में तीन शिक्षकों ने मिलकर एक छात्र को जमीन पर गिराकर जमकर पिटाई कर दी। इसके बाद स्कूल बाहर कुछ विद्यार्थियों व मोहल्ले के लोगों ने हंगामा कर दिया। सूचना पाकर पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। पुलिस को देख स्कूल के बाहर जमा भीड़ भी छट गई। इसी दौरान स्कू ल प्रबंधन छात्र को स्कूल से निकाल दिया। छात्र का आरोप है कि उसे शिक्षकों ने गर्दन पकड़कर पैरों से मारा है। वहीं शिक्षक स्कूल में मारपीट की घटना से इनकार कर रहे हैं।
चनेहटी निवासी एक लड़का वहीं के स्कूल में 11वीं का छात्र है। बृहस्पतिवार को वह स्कूल गया। आरोप है कि तीन शिक्षकों ने उसकी जमकर पिटाई कर दी। इससे उसे गर्दन व पीठ पर चोटे आईं है। छात्र ने बताया कि वह क्लास के बाहर अपने एक दोस्त से बात कर रहा था। बातचीत के दौरान उसने अपशब्द कहे। छात्र ने बताया कि उसके अपशब्द पास से निकल रहे शिक्षक ने सुन लिए। उन्हाेेंने उसे दो थप्पड़ लगा दिए। उसने अपने कहे अपशब्दों पर माफी भी मांग ली। इसके बाद भी शिक्षक ने उसे मारा तो उसने आत्मरक्षा में शिक्षक को एक थप्पड़ मार दिया। इसके बाद शिक्षक उसे प्रिंसिपल के पास ले गए। वहां उसने अपने किए पर कई बार माफी मांगी लेकिन शिक्षक ने एक अन्य शिक्षक और प्रिंसिपल के साथ मिलकर उसकी जमकर पिटाई कर दी। एक शिक्षक ने हाथ से उसकी गर्दन दबाई और दो शिक्षकों ने उसकी लात-घूंसों से पिटाई की। उसे जमीन पर लिटाकर बेहरहमी से पीटते रहे। कुछ छात्रों ने पिटाई होते देख हंगामा कर दिया तो मोहल्ले वाले आग गए। इसके बाद शिक्षकों ने उसे स्कूल से निकाल दिया और वह घर चला आया। इस मारपीट की घटना के दौरान किसी ने पुलिस को सूचना कर दी। मौके पर पुलिस भी पहुंच गई और स्कूल में कुछ देर रुकने के बाद पुलिस वहां से वापस लौट आई।
सीसीटीवी कैमरे चेक कराए जाएं
स्कूल के अंदर किसी छात्र ने स्कूल का विरोध नहीं किया लेकिन बाहर आने पर कुछ छात्रों ने बताया कि शिक्षकों ने छात्र को बेरहमी से पीटा है। स्कूल में बोर्ड परीक्षाएं भी चल रही हैं तो सीसीटीवी कैमरे भी चल रहे हैं। इन्हें चेक कराया जाए तो मारपीट की घटना सामने आ जाएगी। वहीं कुछ छात्राओं और मोहल्ले के लोगाें ने यह भी बताया कि स्कूल में लगे एकाध सीसीटीवी कैमरे को छोड़कर कोई कैमरा नहीं चलता है। सब बंद पड़े हैं, सिर्फ अधिकारियों को दिखाने भर के लिए कैमरे लगाए गए हैं।
अपनी दादी के साथ अकेला रहता है छात्र
छात्र ने बताया कि वह अपनी दादी के साथ चनेहटी में अकेला रहता है। यहां उसकी देखभाल करने के लिए उसकी दादी ही है। मोहल्ले के लोगों ने भी बताया कि लड़का व्यवहार में सीधा है। घर से निकलते भी उसे कम ही देखा जाता है। छात्र की दादी का कहना है कि उनका पोता सीधा है, वह इस तरह की हरकत नहीं कर सकता है लेकिन वह वृद्ध हैं और कहीं आने-जाने में असमर्थ है। वह कहीं शिकायत भी करने नहीं जा सकती हैं।
छात्र ने यदि अपशब्द कहे हैं तो यह गलत बात है, लेकिन उसकी बेरहमी से पिटाई करना भी ठीक नहीं है। यदि छात्र का आरोप सही है कि उसे लात-घूंसों से पीटा गया तो शिक्षकों का यह रवैया बेहद संवेदनहीन है। प्रशासन को इसका संज्ञान में लेकर कार्रवाई करनी चाहिए। जिससे भविष्य में इस तरह की घटना की दोबारा न हो। - अंकुर सक्सेना, अध्यक्ष, अभिभावक समिति
मुझे अभी इस मामले की जानकारी नहीं है। कोई शिकायत मिलती है तो पूरे मामले की जांच कराई जाएगी। कानून को हाथ में लेेने का अधिकार किसी को नहीं है। - डॉ. मुकेश कुमार सिंह, डीआईओएस
हमारे स्कूल में मारपीट की इस तरह की कोई घटना नहीं हुई है। जो भी आरोप लगाए जा रहे हैं, वे सब निराधार हैं। - स्कूल के प्रधानाचार्य
छात्र और शिक्षकों में मारपीट हुई थी लेकिन किसी ने भी तहरीर नहीं दी है। दोनों ने एक दूसरे से माफी मांगकर समझौता कर लिया। अगर तहरीर देंगे तो रिपोर्ट दर्ज की जाएगी। - राजीव सिंह, इंस्पेक्टर कैंट