पीड़िता ने बताया कि उसने परिवार की मर्जी के खिलाफ आरोपी से निकाह किया था। इसी कारण मायके वालों ने उससे रिश्ता खत्म कर दिया। मायके के दरवाजे बंद होने के कारण वह मजबूरी में ससुराल में रह रही है। अब उसके पति ने सऊदी अरब में ही दूसरा निकाह कर लिया है। उसकी दूसरी बीवी ने उसके साथ अपनी फोटो भी सोशल मीडिया पर शेयर की है।
सऊदी अरब में नौकरी कर रहे शख्स ने फोन पर पत्नी को तीन तलाक दे दिया। पत्नी की शिकायत पर एसएसपी ने सीबीगंज पुलिस को एफआईआर दर्ज करने का आदेश दिया है। पीड़िता ने अपने ससुर पर भी दुष्कर्म की कोशिश करने का आरोप लगाया है।
विज्ञापन
सीबीगंज इलाके में रहने वाली पीड़िता के मुताबिक 10 साल पहले उसका निकाह अब्दुल तसलीम से हुआ था। उनके दो बेटे और एक बेटी है। चार साल पहले पति उन्हें गर्भावस्था में छोड़कर सऊदी अरब चला गया था। इसके बाद ससुराल में उसके खिलाफ माहौल बनना शुरू हो गया। सास शमीम बानो, ससुर कय्यूम, ननद सबा, सीमा, ननदोई रिजवान उनका उत्पीड़न करने के साथ गाली-गलौज और मारपीट करने लगे। पीड़िता के मुताबिक 31 दिसंबर 2019 को पति ने फोन पर उसे तीन तलाक दे दिया।
पीड़िता ने बताया कि इसके बाद से वह बच्चों के साथ ससुराल में ही अपने कमरे में रह रही थी। उसकी शिकायत पर पुलिस ने समझौता करा दिया। उसे मासिक खर्च देने की बात तय हुई लेकिन अब ससुराल वाले खर्च भी नहीं दे रहे हैं। इस बीच उसके ससुर कय्यूम ने उसे कमरे में बंद कर दुष्कर्म करने की कोशिश की। ससुराल वालों ने उसके जेवर भी छीन लिए। पीड़िता ने शिकायत करने के साथ ही एसएसपी को फोन पर तीन तलाक देने का ऑडियो भी दिया। इसमें उसका पति उसे तीन तलाक देने के बाद कह रहा है कि अब तेरा-मेरा कोई रिश्ता नहीं है।
विज्ञापन
पुलिस पर पैसे लेकर कार्रवाई न करने का आरोप
पीड़िता ने बताया कि 25 मई को उसके ससुर ने उसके साथ मारपीट की। डायल 112 पर सूचना देने के बाद पुलिस आई। बातचीत के दौरान वह एक कागज लेने अपने कमरे गई। लौटने पर देखा कि पीआरवी जा चुकी थी। ससुराल वालों ने बताया कि उन्होंने पांच हजार रुपये देकर पुलिस को लौटा दिया। इसके बाद थाना सीबीगंज में उसने लिखित शिकायत दी, फिर भी कोई कार्रवाई नहीं हुई।