शुक्रवार शाम चार बजे से लगा जाम, देर रात तक नहीं खुल सका
फतेहगंज पूर्वी। लखनऊ हाईवे पर ट्रैफिक व्यवस्था बेपटरी होती जा रही है। शाम को लगातार हाईवे पर जाम लगा रहा है। शुक्रवार शाम चार बजे से फिर हाईवे पर जाम लग गया। जाम में शाहजहांपुर से लौट रहे एडीजी अविनाश चंद्र भी फंस गए। पुलिस ने उन्हें किसी तरह निकाला। ऐसे में शनिवार को शाहजहांपुर में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की रैली होने की वजह से हुलासनगरा क्रॉसिंग पर हालात बेहद खराब होने का अंदेशा जताया जा रहा है।
लखनऊ हाईवे पर शुक्रवार शाम चार बजे बरेली से सीतापुर जा रहा ट्रक हुलासनगरा क्रासिंग पर निर्माणाधीन ओवरब्रिज के पास खराब हो गया। ट्रक काफी देर तक हाईवे पर खड़ा रहा, इससे जाम लगना शुरू हो गया। देर रात तक हाईवे पर लंबा जाम लगा रहा। देर शाम रैली स्थल का जायजा लेकर लौट रहे एडीजी अविनाश चंद्र जाम में फंस गए। इस पर थाना प्रभारी मनोज कुमार खुद हुलासनगरा क्रॉसिंग पर पहुंचे और एडीजी को जाम से निकाला। उम्मीद जताई जा रही है कि आधी रात तक जाम से राहत मिल सकती है। वहीं प्रधानमंत्री की रैली की वजह से हाईवे पर वाहनों का आवाजाही बढ़ने से यहां भीषण जाम लगने का अंदेशा जताया जा रहा है।