आज 12 घंटे बंद रहेगी हुलासनगरा क्रॉसिंग, रूट डायवर्जन लागू
बरेली। लखनऊ-दिल्ली हाईवे स्थित हुलासनगरा रेलवे क्रॉसिंग मरम्मत के चलते मंगलवार को सुबह आठ बजे से रात आठ बजे तक बंद रहेगी। इस दौरान दिल्ली, बदायूं, नैनीताल की ओर से लखनऊ की तरफ जाने वाले वाहनों के लिए रूट डायवर्जन तैयार किया गया है। यह डायवर्जन मंगलवार सुबह से ही लागू कर दिया जाएगा, जो काम समाप्त होने तक लागू रहेगा। इस दौरान करॉसिंग पर हल्के-भारी सभी वाहनों का आवागमन यहां बंद रहेगा।
एसपी ट्रैफिक राम मोहन सिंह ने बताया कि दिल्ली, मुरादाबाद, रामपुर, नैनीताल से लखनऊ की ओर जाने वाले वाहन बरेली में बड़ा बाईपास, विलयधाम चौराहा से नवाबगंज, पीलीभीत, पूरनपुर, खुटार, लखीमपुर खीरी होते हुए अपने गंतव्य को जा सकेंगे। सीतापुर, हरदाई, कन्नौज, कानपुर के लिए लखीमपुर खीरी से मोहम्मदी, बर्बर, औरंगाबाद, मैगलगंज होते हुए आगे जाएंगे। इन्वर्टिस तिराहा से शाहजहांपुर की ओर जाने वाले वाहन बड़ा बाईपास पर बीसलपुर चौराहा नवदिया झादा से भुता, बीसलपुर, पीलीभीत, पूरनपुर, खुटार, लखीमपुर खीरी होते हुए अपने गंतव्य को जाएंगे। बदायूं की ओर से आने वाले वाहन बुखारा मोड़ से फरीदपुर बाईपास से बीसलपुर, पीलीभीत, पूरनपुर, खुटार, लखीमपुर खीरी होते हुए आगे जाएंगे। रूट डायवर्जन के सभी प्वाइंट पर पुलिस तैनात रहेगी। ब्यूरो