15 नवंबर से रहेगी सांस्कृतिक कार्यक्रम की धूम
चौबारी मेले में आयोजकों की ओर से सांस्कृतिक कार्यक्रम भी आयोजित किए जाते हैं। इसके लिए मंच भी बनाया गया है। कार्यक्रमों की शुरुआत 14 नवंबर से होगी। मेला प्रबंधक कमेटी के श्याम वीर सिंह ने बताया कि 15 नवंबर को गंगा स्नान है। इसके लिए बुधवार से श्रद्धालु आना शुरू हो जाएंगे।
श्रद्धालुओं के आने सिलसिला तीन चार दिन तक बना रहेगा। उनके मनोरंजन के लिए मेला कमेटी की ओर से सांस्कृतिक कार्यक्रम होते हैं, जिसमें गीत संगीत और भजन व अन्य कार्यक्रम दिन रात चलते हैं। इसमें स्थानीय सांस्कृतिक दलों के अलावा कुछ मंडलियां वृंदावन से भी आती हैं। मेला 19 नवंबर तक चलेगा।
स्काउट गाइड ने चलाया स्वच्छता अभियान
हिंदुस्तान स्काउट्स एवं गाइड की ओर से राम गंगा चौबारी मेले में सात दिवसीय आवासीय शिविर लगाया गया है। स्काउट गाइड ने गंगा घाट पर स्वच्छता अभियान चलाया। प्रादेशिक संगठन आयुक्त हिमांशु सक्सेना व सहायक प्रादेशिक संगठन आयुक्त अलका मिश्रा के नेतृत्व में प्रथम पेट्रोल सुबह गंगा घाट के लिए रवाना हुआ। स्वच्छता व्यवस्था बनाने के लिए स्काउट गाइड ने गंगा तट पर मौजूद जनमानस से अपील की कि गंगा को स्वच्छ बनाने में अपना योगदान दें। इस मौके पर जिला स्काउट आयुक्त सुबोध अग्रवाल, जिला संगठन आयुक्त वैभव गौड़, वैभव सक्सैना, रेंजर अभिषेक, दीक्षा की मौजूदगी रही।