बरेली। प्रदेश के बजट से बरेली मंडल में लोक निर्माण विभाग की सड़कों के निर्माण के लिए 1300 करोड़ रुपये मिल सकते हैं। इससे सड़कों का चौड़ीकरण, मरम्मत और नव निर्माण आदि के कार्य कराए जाएंगे। चालू वित्तीय वर्ष में मंडल की सड़कों के लिए 1300 करोड़ रुपये आवंटित हुए। उम्मीद की जा रही है कि इस बार इसमें कम से कम दस फीसदी की बढ़ोतरी होगी। लोक निर्माण विभाग इसी मुताबिक अपनी कार्ययोजना बना रहा है।
बीते साल की कार्ययोजना में शामिल जो काम बजट के अभाव में फरवरी 2025 तक स्वीकृत नहीं हो सके हैं, इस बजट में उनकी भी मंजूरी मिलने की उम्मीद है। बरेली जिले की सड़कों के लिए साल 2024-25 में 250 करोड़ रुपये मिल चुके हैं। इस साल 275 करोड़ रुपये आवंटन की उम्मीद है। मुख्य अभियंता अजय कुमार का कहना है कि बजट में जिलों के लिए आवंटन तय नहीं होते, लेकिन हर साल इसमें वृद्धि होती रही है। सड़कों का निर्माण सरकार की प्राथमिकता में है। बजट से अटके कार्यों को रफ्तार मिलेगी।
नाथ कॉरिडोर के लिए मिलेंगे 50 करोड़ रुपये
नाथ कॉरिडोर को विकसित करने के लिए पर्यटन विभाग ने 75 करोड़ रुपये की योजना बनाई थी। इसमें 25 करोड़ रुपये का आवंटन इसी वित्तीय वर्ष में होने वाला है। अगले वित्तीय वर्ष में 25 करोड़ रुपये और मिलेंगे। साथ ही, धार्मिक स्थलों पर पर्यटक सुविधाओं के विकास के लिए पांच करोड़ रुपये के आवंटन की उम्मीद है। अमर उजाला ब्यूरो