फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

शहर में हुक्का बार तैयार.. नए साल का जश्न मनेगा तो धुआं उड़ेगा

Tue, 29 Dec 2020 05:53 PM IST
बरेली ब्यूरो अमर उजाला ब्यूरो, बरेली
विज्ञापन
Hukka Bar - फोटो : Social Media
विज्ञापन

हुक्का बार चलाने के लिए बदनाम रेस्टोरेंट और कैफे नए साल के जश्न को भुनाने के लिए तैयार हो रहे हैं। इनमें से किसी रेस्टोरेंट को नए साल तो किसी को बर्थ डे पार्टी के बहाने बुक किया गया है। बताया जा रहा है कि पुलिस से भी पहले से ही सारी बातचीत पक्की कर ली गई है ताकि नए साल के जश्न में जब धुएं के गुबार उड़ रहे हों तो पुलिस उनकी तरफ रुख न करे। होटलों, कैफे और रेस्टोरेंटों में नए साल के जश्न की तैयारी शुरू हो गई है।

विज्ञापन


शहर के जो रेस्टोरेंट और कैफे नाजायज ढंग से हुक्का बार चलाने के लिए बदनाम हैं, नशे का शौक रखने वाले युवाओं की पसंद के अनुरूप उनमें भी तैयारियां होती दिख रही हैं। डीडीपुरम और राजेंद्रनगर इलाके में अधिकतर कैफे और रेस्टोरेंट नए साल के जश्न के लिए अभी से बुक कर लिए गए हैं। सूत्रों के मुताबिक इनमें से किसी ने बर्थ डे पार्टी के नाम पर प्रशासन से आयोजन की अनुमति ली है तो किसी ने नए साल के जश्न के नाम पर। इस जश्न में युवाओं को उनकी पसंद के मुताबिक नशा परोसने की भी तैयारी चल रही है।

कैफे पर कई बार पड़ चुका पुलिस का छापा

सूत्रों के मुताबिक हुक्का बार चलाने की वजह से जिन कैफे पर कई बार पुलिस का छापा पड़ चुका है, उनमें नए साल के जश्न में ग्राहकों को हुक्का पिलाने के लिए अलग से योजना बनाई गई है। जश्न के आखिरी दौर में ग्राहकों को उनकी पसंद के फ्लेवर का हुक्का परोसा जा सकता है। ज्यादातर कैफे उनके पुराने ग्राहकों ने ही बुक किए हैं जो युवाओं की पार्टी का इंतजाम कर रहे हैं। पुलिस को भी साधने की कोशिश की गई है ताकि धुएं के गुबार में डूबी इन पार्टियों में कोई विघ्न-बाधा न पड़े।
विज्ञापन


होटलों में म्यूजिक ग्रुप मचाएंगे धमाल

शहर के बड़े होटलों में म्यूजिक ग्रुप्स नए साल के जश्न में धमाल मचाएंगे। होटलों की ओर से इन आयोजनों के लिए प्रशासन को अर्जी देकर अनुमति मांगी गई है। नए साल के ऐसे कार्यक्रमों में शामिल होने के लिए लोगों को अच्छी-खासी कीमत चुकानी होगी।

एसएसपी रोहित सिंह सजवाण ने कहा कि प्रशासन की अनुमति के बिना कोई भी आयोजन नहीं होगा। सभी आयोजकों को मानक के मुताबिक ही लोगों को अंदर रखना होगा और दूसरी जरूरी व्यवस्थाएं करनी होंगी। नशा करके दूसरे लोगों के लिए परेशानी पैदा करने वालों के खिलाफ पुलिस सख्त कार्रवाई करेगी।

विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें