बरेली में 26 सितंबर 2025 को हुए बवाल के आरोपी पार्षद अनीस सकलैनी, पीलीभीत बाइपास गोलीकांड के आरोपी राजीव राना, गौरव गोस्वामी हत्याकांड के आरोपी शेखर यादव समेत 17 अपराधियों की हिस्ट्रीशीट खोल दी गई। एक दिन पहले भी पुलिस ने 25 अपराधियों की हिस्ट्रीशीट खोली थी। अब हत्या, जानलेवा हमला, रंगदारी, गोकशी, लूट, वाहन चोरी आदि गंभीर अपराधों में शामिल 42 बदमाशों की लगातार निगरानी की जाएगी।
एसएसपी अनुराग आर्य ने बताया कि बारादरी पुलिस ने गोलीकांड के मुख्य आरोपी राजीव राना, हनुमान दल के जिला उपाध्यक्ष गौरव गोस्वामी की हत्या के आरोपी शेखर यादव की हिस्ट्रीशीट खोली है। चोरी के आरोपी चक महमूद निवासी जुनैद, ईंट पजाया निवासी इमरान उर्फ बंबइया, वसीम उर्फ गंठी, मारपीट के आरोपी चक महमूद निवासी आफताब गद्दी, गोकशी के आरोपी एजाजनगर के शाकिर और रंगदारी मांगने के आरोपी कांकरटोला के अनीस सकलैनी की भी हिस्ट्रीशीट खोली है।