संपत्ति विवाद में हुई थी अमन की हत्या
हेड कांस्टेबल के बेटे अमन की हत्या संपत्ति के विवाद में हुई थी। सूत्रों के मुताबिक अमन की मठलक्ष्मीपुर निवासी पवन से दोस्ती थी। गांव में रहने वाला हिस्ट्रीशीटर ललित भी पवन के घर आता-जाता था। सोनू, पवन और ललित का जमीन को लेकर एक भूमाफिया से विवाद चल रहा है। विपिन गुप्ता उस भूमाफिया का करीबी है।
विपिन गुप्ता को अमन पर शक था कि वह उसकी मुखबिरी सोनू, पवन और ललित से करता है। आरोप है कि इसी शक में उसने अमन हत्याकांड को अंजाम दिया था। अमन की हत्या में सोनू और उसके भाई पवन को भी आरोपी बना दिया गया। इसके बाद दोनों पक्षों में रंजिश और बढ़ गई। अब सवाल उठ रहे हैं कि जब अमन हत्याकांड में विपिन के साथ सोनू और पवन भी शामिल थे तो अब इन्होंने एक-दूसरे पर हमला क्यों किया?
सीओ प्रथम पंकज श्रीवास्तव ने बताया कि दोनों हिस्ट्रीशीटर और उनके साथियों में बहस के बाद हवालात में ही मारपीट हो गई थी। पुलिस ने दोनों ओर से रिपोर्ट दर्ज कर ली है। दोनों ही गुट के लोग जेल में पहले से ही निरुद्ध हैं। अब उनके खिलाफ नए मुकदमे में भी कार्रवाई की जाएगी।