मयूर वन चेतना केंद्र के खूनी मोड़ से पहले अब रेडियम सिग्नल करेंगे अलर्ट
- फोटो : अमर उजाला, बरेली
बरेली। पीलीभीत हाईवे पर डेथ प्वाइंट के तौर पर पहचान बना लेने वाले मयूर वन चेतना केंद्र के तीव्र मोड़ पर पीडब्ल्यूडी ने आखिरकार लोगों को खतरे से बचाने के लिए 24 रेडियम सिग्नल यानी सेवरान लगा दिए हैं। रात में यहां ड्राइवरों को सचेत करने के लिए रेडियम बोर्ड भी लगाया जाएगा। सड़क के गड्ढों को भरने और किनारे उगी ऊंची झाड़ियों को हटाने का काम पहले ही किया जा चुका है। सड़क सुरक्षा के इन कामों के बाद यहां हादसों का खतरा कम हो गया है।
मयूर वन चेतना केंद्र के तीव्र मोड़ पर हुए हादसों में कई लोग अपनी जान गंवा चुके हैं। कुछ दिन पहले ही इस मोड़ पर कार पलटने से एक व्यक्ति की मौत हुई थी। पहले भी यहां कई भयंकर हादसे हो चुके हैं। इसके बावजूद पीडब्ल्यूडी ने यहां सड़क सुरक्षा का कोई काम नहीं कराया। हाईवे पर गड्ढे और चालकों को सचेत करने के लिए सिग्नल न होने से हादसों पर काबू नहीं पाया जा पा रहा है। यह लापरवाही सामने आने के बाद पीडब्ल्यूडी ने सड़क के गड्ढों को भरने के लिए पैच वर्क कराने के साथ दो दिन पहले सड़क के किनारे लगी झाड़ियों को भी साफ कराया था। कुछ जगहों पर रोड किनारे लगे विज्ञापन के बोर्ड भी हटाए थे। शुक्रवार को पीडब्ल्यूडी ने तीव्र मोड़ के दोनों साइड में 12-12 रेडियम सिग्नल भी लगा दिए हैं। रात में वाहनों की लाइट से इन संकेतकों के चमकने से ड्राइवरों को सतर्क किया जा सकेगा। पीडब्ल्यूडी के अधिकारियों ने बताया कि एक-दो दिन में यहां रेडियम बोर्ड भी लग जाएगा।
मयूर वन चेतना केंद्र के पास रोड को ठीक करने के साथ ही सेवरान भी लगा दिए गए हैं। रोड साइड की झाड़ियां और गड्ढों को पहले ही भर दिया गया था। सड़क सुरक्षा के काम हो जाने से हादसे का खतरा कम हो जाएगा।
-डीके तिवारी, अधीक्षण अभियंता, पीडब्ल्यूडी