Here the roots of corruption are deep, keep an eye on
- फोटो : बरेली, अमर उजाला
जनपद के प्रभारी मंत्री ब्रजेश पाठक ने कहा कि वह सबको साथ लेकर बरेली को सुंदर, विकसित और व्यवस्थित करना चाहते हैं। इसमें सबके सहयोग की जरूरत है। बरेली के सरकारी विभागों में भ्रष्टाचार की जड़ें गहरी हैं। विधायक और डीएम उन पर नजर रखें। अब तक जो होता है, योगी सरकार में वह नहीं होगा।
जिला योजना की बैठक में हिस्सा लेने से पहले एक अस्पताल में आयोजित भाजपा कार्यकर्ताओं के स्वागत समारोह में उन्होंने कहा कि अभी वह जिला योजना के काम स्वीकृत करने आए हैं। अगली बार बरेली में ही उनका रात्रि प्रवास होगा। उसमें कामों का औचक निरीक्षण करेंगे। दोषी अफसरों पर सख्त कार्रवाई होगी। जो क्षेत्र विकास से अछूते हैं, जनप्रतिनिधि और आम व्यक्ति उसकी सूचना उनको दे। स्वास्थ्य, शिक्षा, सड़क, पेयजल और बिजली सुधारने पर सरकार का खास फोकस रहेगा। इससे पहले प्रभारी मंत्री के बरेली पहुंचने पर भाजपा पदाधिकारियों और विधायकों ने उनका फूल मालाओं से स्वागत किया। स्वागत करने वालों में जिलाध्यक्ष रवींद्र सिंह राठौर, महानगर अध्यक्ष उमेश कठेरिया, विधायक डा. अरुण कुमार, बहोरनलाल मौर्य, राजेश मिश्रा , केसर सिंह, डा. श्याम बिहारी लाल, छत्रपाल सिंह गंगवार, डा. डीसी वर्मा, एमएलसी जयपाल सिंह व्यस्त, हर्षवर्धन आर्य, विकास शर्मा, डा. प्रमेंद्र महेश्वरी, प्रदीप पुष्कर, चंद्रपाल गुप्ता, मनोज यादव आदि शामिल थे।