स्वाइन फ्लू का खतरा अभी कम होता नहीं दिख रहा। सोमवार को स्वाइन फ्लू से पीलीभीत में रहने वाली 28 वर्षीय अर्चना सिंह की भोजीपुरा के मेडिकल कालेज में मौत हो गई। अर्चना सात माह की गर्भवती भी थी।
स्वाइन फ्लू बरेली मंडल में अब तक 14 लोगों की जान ले चुका है। बरेली शहर में भी स्वाइन फ्लू से चार मौतें हुई है। सोमवार को यहां चार अन्य लोगों में स्वाइन फ्लू की पुष्टि हुई। इन मरीजों का निजी अस्पताल में इलाज चल रहा है। बिलसंडा (पीलीभीत) के गांव करेली की रहने वाली अर्चना को 26 मार्च को एसआरएमएस में भर्ती कराया गया था। उन्हें बुखार के साथ सीने में दर्द, निमोनिया और खांसी की शिकायत थी। दो अप्रैल को पीजीआई से उनकी पॉजीटिव रिपोर्ट आई थी। सोमवार को सुबह साढे़ बजे अर्चना की मौत हो गई। डॉक्टराें के मुताबिक अर्चना का केस हाई रिस्क था। गर्भवती होने के कारण उन्हें वायरस ने तेजी से चपेट में लिया।